रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुँकार भरी कि आने वाला चुनाव देश का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। आने वाला चुनाव देश को पूर्ण विकसित और भारत माता को विश्व गुरु बनाने के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। सन 2014 में 11 में से 10 सीटें भाजपा को आपने दी, 2019 में 11 में से 9 सीटें भाजपा को दी और विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई और एक नाकारा सरकार, जिसने न तो नक्सलवाद पर लगाम कसी और न ही छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ न्याय किया, उसे उखाड़ फेंका। गृहमंत्री शाह गुरुवार को जांजगीर-चाँपा में भाजपा की विजय महासंकल्प रैली में महती जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अमित शाह ने कहा, मैं तो आज राम के ननिहाल में आया हूँ। छत्तीसगढ़ राम का ननिहाल है। 500 साल से रामलला अपने घर में नहीं विराज पाए थे, मंदिर नहीं बना था, कांग्रेस ने साढ़े 500 साल से लटके हुए मसले को 75 सालों में समाप्त नहीं किया जबकि मोदी ने 22 जनवरी को रामलला के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर राम मंदिर का संकल्प पूरा किया। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार अभी-अभी बनी है। गुजरात में कहावत है पूत के लक्षण पालने से ही मालूम पड़ते हैं। 2 महीने में ही लगभग लगभग 30 प्रतिशत मोदी गारंटी को विष्णु देव साय की सरकार ने पूरा कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने पुरजोर अपील की कि इस बार पूरे छत्तीसगढ़ की 11 की 11 लोकसभा सीटें जिताकर कमल खिलाएँ, मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएँ, मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बनाएँ मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाएँ।

सभी 11 की 11 सीटों में कमल खिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी है : विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार अभी दो महीने की है। मोदी की गारंटी में भाजपा ने जो वादे किए हैं उसको पूरा करने की दिशा में भाजपा की प्रदेश सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री आवास का निर्णय ले लिया गया है, 2 साल के धान के बकाया बोनस 3716 करोड रुपए का भुगतान कर दिया गया है, 3716 करोड रुपए में किसानों के खाते में भेजा जा चुका है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी हुई है, धान का प्रति क्विंटल 3100 रूपए कीमत दे रहे हैं अंतर की राशि भी बहुत जल्द किसानों के खाते में भेज दी जाएगी। महतारी वंदन योजना आने वाले मार्च से सभी विवाहित महिलाओं के खाते में 12 हजार रूपए सालाना मिलने लगेगा। इसी तरह मोदी की गारंटी में जो भी वादा है उन सभी वादे को पूरा करेंगे। यह मोदी का चुनाव है, इस चुनाव में जीतकर जांजगीर क्षेत्र में जीत कर और छत्तीसगढ़ की सभी 11 की 11 सीटों में कमल खिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी है।

आगामी चुनाव मोदी का चुनाव है : विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव मोदी का चुनाव है, जो देश के लिए काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी देश में सरकार बनाने के लिए काम नहीं करती, अपितु यह पूरे वर्ष देश की सेवा करने के लिए कार्य करती है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने से पहले देश में जगह-जगह बमबारी होती थी लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसी कोई घटनाएँ नहीं हुई है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मोदीजी की सरकार बनाने के लिए जांजगीर से भाजपा का सांसद दिल्ली पहुँचे और इसमें जितने कार्यकर्ता साथी हैं, पूरे प्राण-पण से जुट जाएँ।

आज दुनिया में भारत एक सशक्त समृद्ध और शक्तिशाली देश के रूप में जाना जाता है : अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को बने 10 साल हो गए हैं। इन 10 वर्षों में गाँव-गरीब और किसान की तरक्की का काम हुआ है। साव ने कहा कि जांजगीर लोकसभा में फिर से एक बार पूरी ताकत लगा कर कमल खिलाना है।

सभा संचालन करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटलजी ने किया था, इसलिए यह हमारा संकल्प है कि हमने बनाया है, हम ही सँवारेंगे। आज पूरे देश में यह बात गुंजायमान है कि फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। यही मंत्र प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सम्मेलन में दिया है। कार्यक्रम के अंत में बिलासपुर क्लस्टर प्रभारी व वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सांसद गुहाराम अजगले, मंत्री ओपी चौधरी, सौरभ सिंह, निर्मल सिन्हा, सनम जांगड़े, संतोष लहरे, श्रीमती संयोगिता सिंह जूदेव, मोतीराम चंद्रवंशी, श्रीमती कमला देवी पाटले, लीलाधर सुल्तानिया, मेघाराम साहू, पुरुषोत्तम शर्मा, अशोक चवलानी, सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बहुत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
Exit mobile version