जिसे आप मृत समझ रहे हो और वो अचानक आपके सामने आ जाये वो भी जिंदा, तो आप कैसा महसूस करेंगे…होंगे ना हैरान। तो पुलिस भी उस वक्त हैरान रह गई जब वह महिला जिंदा निकली जिसे पुलिस मृत समझ रही थी। यह हैरान कर देने वाली घटना यूपी के फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र का है जहां महिला लता देवी की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप महिला के परिजनों ने लगाया था।
इस मामले में पुलिस ने महिला के पति रणविजय सहित परिवार के लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर महिला के पति को हिरासत में ले लिया था। लेकिन कहानी में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब महिला लता देवी जनपद शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली। इस मामले में पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। बता दें कि बीते 5 सितंबर को नवाबगंज थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में लता देवी अचानक रात में घर से कहीं गायब हो गई थी। सुबह होने पर महिला के बिस्तर, कमरे और घर पर खून के निशान मिले थे। महिला के परिजनों ने पति सहित घर वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया था। अब महिला के जिंदा मिलने पर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
