भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संसदीय क्षेत्र से विजयी भाजपा सांसद तोखन साहू को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया। किरण देव ने कहा कि तोखन साहू को मंत्रिमंडल में शामिल कर मोदी ने न केवल छत्तीसगढ़ के प्रति अपने आत्मीय लगाव का परिचय दिया है, बल्कि एक किसान पुत्र को मंत्री बनाकर छत्तीसगढ़ की कोटि-कोटि जनता की भावनाओं का सम्मान किया है। विदित रहे कि तोखन साहू छत्तीसगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। किरण देव ने लोकसभा चुनाव-2024 में भाजपानीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मिले बहुमत को ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र में राजग सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में एक सशक्त और स्थिर सरकार देकर देश को विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से लेकर जाएगी। मोदी के मार्गदर्शन में साहू की संगठनात्मक और प्रशासनिक क्षमताओं से प्रदेश परिचित होगा : साव प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तोखन साहू को अपने सान्निध्य में मंत्री बनाकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मोदी के मार्गदर्शन में अब तोखन साहू की संगठनात्मक और प्रशासनिक क्षमताओं से प्रदेश की जनता परिचित होगी। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास व्यक्त कर विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने का जनादेश दिया है। नई केंद्र सरकार पूरी तरह इस कसौटी पर खरी उतरेगी और भाजपा एक बार फिर मजबूत राजनीतिक शक्ति बनकर उभरेगी।
तोखन साहू का केंद्रीय मंत्री बनना अन्नदाता का सम्मान, छत्तीसगढ़ के लिए सुखद अनुभूति : विजय शर्मा
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में तोखन साहू को शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो अपने सामान्य कार्यकर्ताओं को फर्श से अर्श तक लेकर जाती है। साहू का केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होना एक माटी पुत्र के तौर पर अन्नदाता का सम्मान है और यह छत्तीसगढ़ के लिए बेहद सुखद अनुभूति है। शर्मा ने साहू को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि नई केंद्र सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी कृषि क्षेत्र में विकास के नए आयाम गढ़ेगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
Exit mobile version