रायपुर। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. रामकुमार सिरमौर की अध्यक्षता में आज सामाजिक वीडियो मीटिंग (जूम एप से) किया गया। केन्द्रीय महामंत्री ललित बघेल, केन्द्रीय अंकेक्षक सीए महेन्द्र कश्यप, केन्द्रीय युवा अध्यक्ष नूतन कुमार बंछोर, एवं केन्द्रीय कार्यालय सचिव जगेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा संचालित किया गया।
मुख्य विषय के तहत वर्तमान में जारी कोविड 19 कोरोना की विपत्ति से जूझते हुए छत्तीसगढ़वासियों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक भवनों में सर्वसुविधायुक्त कोविड चिकित्सा सेवा केंद्रों की स्थापना हेतु सभी प्रमुख शहर, नगर, एवं ब्लॉक मुख्यालयों तक जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी संदर्भ में नरदहा बहुद्देश्यीय भवन में कोविड केन्द्र संचालन हेतु रायपुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीरा बघेल एवं केन्द्रीय टीम ने निरीक्षण किया है। डॉ. सिरमौर केन्द्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हुई चर्चा एवं निर्णय से समाज प्रमुखों को अवगत किया गया। मुख्य रूप से 27 प्रतिशत आरक्षण हेतु जनसंख्या मूल्यांकन हेतु सभी सामाजिक स्तर पर राशन कार्ड बनाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में पारित कृषि विधेयक के संदर्भ में विस्तृत चर्चा करके इसमें कृषि प्रधान समाजों में निर्णय लेकर आगामी 25 सितम्बर को जारी किसान आंदोलन के तहत अखिल भारतीय महाबंद को पूर्ण समर्थन जारी किया गया है। डॉ. सिरमौर ने अपने वक्तव्य में कहा कृषि का कारपोरेटीकरण आम किसानों के बर्बादी का रास्ता खोल देगा। इस वर्चुअल बैठक में समस्त राज के राजप्रधान तथा समाज के स्वजातीय बन्धु विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
