रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को फोन कर अपनी एवं समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से जन्मदिन की कोटि-कोटि हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने राष्ट्रपति से कहा कि मैं ईश्वर से आपके यशस्वी एवं स्वस्थ जीवन की कामना करती हूं। साथ ही उनसे यह भी अपेक्षा की है कि राष्ट्रपति का मार्गदर्शन सदैव उन्हें एवं प्रदेश को प्राप्त होता रहे। सुश्री उइके ने कहा कि आपके मार्गदर्शन में भारतवर्ष स्वतंत्रता उपरांत प्रथम बार निरंतर तीव्रतम गति से प्रगति कर रहा है। आपने कोरोना महामारी के कार्यकाल में निरंतर सभी के मनोबल को बढ़ाया है। नवीन शिक्षा नीति के प्रावधानों को बहुत ही सुन्दर तरह से हम सभी को समझाया है एवं शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिये राह दिखाई है। भारत सरकार द्वारा जनभावना के अनुरूप लिये जा रहे क्रान्तिकारी आवश्यक निर्णयों को लेने, नीतियों के क्रियान्वयन करने में आपका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। आप भारतवर्ष की नौका के सशक्त कर्णधार है। इसलिये हम सभी को पूर्ण विश्वास है कि हमारा देश सशक्त, जिम्मेदारों हाथों में है। राष्ट्रपति ने राज्यपाल को धन्यवाद दिया और उनका हाल चाल भी पूछा। साथ ही कहा कि इस कोरोना महामारी से सुरक्षित रहने के लिये सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें।
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.
