पाकिस्तान में राजनीतिक सरगर्मियां उफान पर हैं. पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की सरकार है. इसलिए सिंध की राजधानी कराची खास तौर पर सियासी टकराव का केंद्र बना हुआ है. लेकिन इस सब उठापटक से दूर कराची में हिन्दुओं की आस्था के प्रतीक नवरात्र की रौनक देखते ही बन रही है. इस मौके पर जहां कराची के मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया है. रौशनी, रंग, संगीत और डांडिया के रंग नवरात्र की हर रात को देखने को मिल रहे हैं. ठीक वैसे ही जैसे भारत में, विशेष तौर पर, गुजरात में देखने को मिलते हैं. पाकिस्तान में हिन्दुओं की अधिकतर आबादी कराची समेत सिंध में ही बसी है. कराची या सिंध में हिन्दुओं समेत अल्पसंख्यकों की जितनी आबादी है, इतनी पाकिस्तान के किसी और हिस्से में नहीं देखने को मिलती. कराची का नारायणपुरा ऐसा ही एक इलाका है. यहां हिन्दू, सिख और ईसाई बड़ी संख्या में रहते हैं. इस इलाके में छह मंदिर, एक गुरुद्वारा और एक चर्च हैं.
