विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने एक के बाद एक कई जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने बिलासपुर-तखतपुर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के निर्माण में लापरवाही और धीमी प्रगति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही तीन माह के राशन वितरण, महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ियों में पोषण आहार प्रदाय, तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण जैसे विषयों पर भी विस्तार से सवाल किए।

राष्ट्रीय राजमार्ग-130 की बदहाल स्थिति पर कड़ा सवाल

विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 की स्थिति बेहद खराब है। निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों की अनदेखी के साथ चल रहा है और ठेकेदारों की लापरवाही से आमजन को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधीन आने वाली शहरी सड़कों और बाईपास मार्ग में भी अनावश्यक विलंब और घटिया निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री की घोषणाओं के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर चिंता जताई। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जवाब में समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

तीन माह का राशन वितरण: लक्ष्य और शिकायतों पर मांगा ब्यौरा
भावना बोहरा ने पूछा कि राज्य में तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण का लक्ष्य क्या है, और अब तक कितने प्रतिशत वितरण हुआ है? उन्होंने भंडारण, वितरण में भ्रष्टाचार, शिकायत निवारण पोर्टल जैसी व्यवस्थाओं की स्थिति जाननी चाही।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि भारत सरकार ने 31 जुलाई 2025 तक समयसीमा बढ़ा दी है। 1 जून से 30 जून 2025 के बीच 269 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 231 का निपटारा किया गया है। चावल का भंडारण चक्रानुक्रम में उचित मूल्य दुकानों और शासकीय भवनों में किया गया है।

महतारी वंदन योजना में 1.24 लाख से ज्यादा महिलाएं पात्र
विधायक बोहरा ने पंडरिया क्षेत्र में महतारी वंदन योजना के आवेदन, पात्रता, लाभ वितरण और शिकायतों को लेकर जानकारी मांगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 20 फरवरी 2024 तक 1,25,174 आवेदन मिले, जिनमें से 1,24,841 महिलाएं पात्र पाई गईं। जून 2025 तक 1,23,925 महिलाओं को लाभ मिल चुका है। अब तक की सभी शिकायतों का निवारण हो चुका है।

पोषण आहार वितरण में 889 महिला स्व सहायता समूह सक्रिय
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्म भोजन के प्रदाय को लेकर बोहरा ने पूछा कि कितने महिला समूहों को यह कार्य सौंपा गया। जवाब में बताया गया कि मार्च 2024 से जून 2025 तक 889 महिला स्व सहायता समूहों ने यह सेवा दी। चयन स्थानीय परिस्थितियों और समूहों की सहमति से किया गया, कोई विज्ञापन जारी नहीं किया गया।

दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण: 122 को मिला लाभ
भावना बोहरा ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के वितरण को लेकर सवाल पूछा। जवाब में बताया गया कि 1 जनवरी 2024 से जून 2025 के बीच 126 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 122 दिव्यांगजन को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। चयन मेडिकल बोर्ड के परीक्षण और प्रमाण-पत्रों के आधार पर किया गया।

भावना बोहरा की सक्रियता ने सत्र के अंतिम दिन जनसरोकारों को सदन के केंद्र में ला दिया, जिससे सरकार को सीधे जवाब देने को मजबूर होना पड़ा।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version