इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में हरेली पर्व को पारंपरिक रूप से बड़े हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शुभ दिन की विशेषता के बारे में जानकारी प्रदान की। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा से की गई, तत्पश्चात विश्वविद्यालय प्रांगण में स्थित तीनों महाविद्यालयों – कृषि महाविद्यालय रायपुर, फूड टेक्नोलॉजी महाविद्यालय एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। हरेली पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित पारंपरिक खेलों जैसे गेड़ी दौड़ और रस्साकसी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस आयोजन में कुल 150 से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल अधिकारियों डॉ. सुबुही निषाद एवं डॉ. रामकुमार ठाकुर द्वारा खेल स्पर्धाओं का सफल संचालन एवं समन्वयन किया गया। हरेली का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, जिसे छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और आनंद के साथ मनाया।