पटना । बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आठ महिलाएं और एक टेम्पो चालक शामिल हैं। घटना शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा स्टेशन के पास हिलसा-दनियावां रोड पर हुई। बताया गया कि तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद सड़क पर खून फैल गया और शव बिखर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक नालंदा जिले के मलावा गांव के निवासी थे और फतुहा के त्रिवेणी में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।

हादसे के बाद हंगामा, सड़क जाम

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने गुस्से में सड़क जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसा कराने वाला ट्रक पास की सीमेंट फैक्ट्री का है और टक्कर के बाद चालक ट्रक को फैक्ट्री के अंदर ले गया। लोग फैक्ट्री संचालक को बुलाने की मांग कर रहे हैं।

मरने वालों में नौ महिलाएं शामिल 
पुलिस के अनुसार, मरने वालों की पहचान रविंद्र प्रसाद की पत्नी संजू देवी, परशुराम प्रसाद की पत्नी उदेशा देवी, त्रिपुरारी शरण पांडेय की पत्नी कंचन देवी, शंभू राम की पत्नी बबीता देवी, विकास साव की पत्नी रेणु कुमारी, धनंजय पासवान की पत्नी दीपिका पासवान, विरेंद्र प्रसाद की पत्नी गंगा देवी, चंद्रमौली पांडेय की पत्नी कुसुम देवी और शंकर चौधरी का पुत्र चंदन कुमार (चालक) के रूप में हुई। 

घायलों की पहचान काजल कुमारी, पुनम देवी, सविता देवी और नीलम देवी के रूप में हुई है। चारों को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद है और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version