शिरडी । अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और अभिनेता आयुष्मान खुराना की हिंदी रोमांटिक कॉमेडी हॉरर फिल्म ‘थामा’ 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म बड़े बजट की है और रिलीज से पहले फिल्म को हिट कराने के लिए फिल्म के लीड किरदारों को भगवान के दर पर आशीर्वाद लेते हुए देखा गया है। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और अभिनेता आयुष्मान खुराना को मंगलवार को शिरडी के साईं मंदिर में देखा गया। दोनों स्टार्स ने साईं बाबा के सामने सिर झुकाकर उनका आशीर्वाद लिया है और उनके चरण चिन्हों के सामने भी सिर झुकाया। इस मौके पर आयुष्मान और रश्मिका दोनों ही ट्रेडिशनल वियर में दिखे। आयुष्मान क्रीमी कलर के कुर्ते पाजामें में दिखे, जबकि रश्मिका सूट पहने सिर पर दुपट्टा लिए दिखीं। दोनों के हाथों में साईं बाबा को अर्पित करने के लिए गुलाब के फूल भी देखे गए।
उन्होंने बताया कि वो 17 साल पहले साईं बाबा के दर्शन के लिए आए थे और अब जाकर दोबारा उन्हें दर्शन करने का मौका मिला है, जबकि रश्मिका ने बताया कि वो दूसरी बार बाबा के चरणों का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंची हैं और उनके लिए ये सौभाग्य की बात है। श्री साईबाबा संस्थान की ओर से भी रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना को सम्मानित किया गया।

