प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूटान की दो दिवसीय यात्रा के दौरान मंगलवार को इस पड़ोसी देश को उर्जा परियोजनाओं के लिए 4,000 करोड़ रूपये का आसान शर्ताे पर कर्ज देने की घोषणा की। मोदी ने कहा कि भारत और भूटान के बीच संबंधों का विस्तार अब ऊर्जा क्षेत्र में भी होगा। सौर, पवन, बायोमास जैसे नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी किए गए हैं।
दिल्ली विस्फोट के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी का भूटान यात्रा पर पहुंचना बताता है कि भारत के लिए इस छोटे से पड़ोसी देश का कितना महत्व है। प्रधानमंत्री ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों का हवाला देते हुए ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर खास तौर पर बल दिया। साथ ही कनेक्टिविटी परियोजनाओं को तेज करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होनें घोषणा की कि भूटान की महत्वाकांक्षी नई शहर परियोजना गेलेफू को भारत के समत्से शहर से रेल नेटवर्क के जरिये जोड़ा जाएगा। यह परियोजना भूटान के किसानों एवं उद्यमियों की भारत के विशाल बाजार तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित करेगी। गेलेफू शहर की परिकल्पना भूटान नरेश की है। वह एक ऐसा शरह बसा रहे हैं जहां पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। भारत की सीमा पर स्थापित हो रहे इस शहर को लेकर पूरी दुनिया में उत्सुकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने गेलेफू के लिए एक विशेष आव्रजन केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की ताकि वहां आने वाले पर्यटकों या निवेशकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
Previous Articleआबकारी घोटाले में ओएसडी के भतीजे, सीए के भाई को जमानत

