मेरठ। एक प्लाट के विवाद में थाने में पहुंचे भाजपा नेता की इंस्पेक्टर ने जमकर पिटाई कर दी, भाजपा नेता ने जिलाध्यक्ष से भी फोन पर बात कराई, इंस्पेक्टर ने उनसे भी अभद्रता की जिसके बाद आज एसएसपी ने इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया है। बीते 12 नवंबर को कंकरखेड़ा पुलिस ने प्लाट के एक विवाद में गांव बटजेबरा निवासी सोनू को हिरासत में लिया था जिसकी जानकारी पाकर भारतीय जनता पार्टी के दौराला मंडल के अध्यक्ष रवि बटजेबरा उसे छुड़ाने कंकरखेड़ा थाने पहुंचे थे, वहां उनकी इंस्पेक्टर क्राइम नरेंद्र प्रसाद और एसएसआई मनोज शर्मा से कहासुनी हो गई थी। इंस्पेक्टर ने मंडल अध्यक्ष से अभद्रता की जिस पर मंडल अध्यक्ष ने इंस्पेक्टर की भाजपा जिला अध्यक्ष अनुज राठी से फोन पर वार्ता कराई परंतु इंस्पेक्टर ने जिलाध्यक्ष से भी बदतमीजी का व्यवहार किया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और भाजपा नेता भड़क गए। भाजपा नेताओं और पुलिसकर्मियों में थाने में ही मार पिटाई हो गई, जिसमें इंस्पेक्टर ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के कपड़े फाड़ दिए। एसएसआई ने भाजपा नेता को गिरेबान पकड़कर हवालात में भी डाल दिया था। इस मामले से भाजपा नेताओं ने विधायक संगीत सोम को अवगत कराया जिस पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए एसएसपी से तत्काल कार्यवाही के लिए कहा. एसएसपी ने मामले की जांच कराई और इंस्पेक्टर क्राइम नरेंद्र प्रसाद को दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
