बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हिजाब विवाद में पाकिस्तान से धमकी मिली है. पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने नीतीश कुमार को माफी मांगने को कहा है. पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी कर चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पब्लिक में माफी मांगनी चाहिए. और कहा कि नहीं तो ‘बाद में कोई यह न कहे कि कोई चेतावनी नहीं दी गई थी’. बीते दिनों नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र देने के दौरान एक मुस्लिम आयुष महिला डॉक्टर का हिजाब खींच लिया था. इसके बाद से ही नीतीश कुमार विवादों में घिर गए हैं.
दरअसल, बीते दिनों बिहार में नवनियुक्त एक महिला आयुष डॉक्टर उस समय असहज हो गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र प्रदान करने के दौरान उसके चेहरे से हिजाब हटा दिया. इस घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित उस कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां एक हजार से अधिक आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे. नीतीश कुमार की इस हरकत की कई लोगों ने आलोचना की. लखनऊ में तो शिकायत भी दर्ज हो गई है. कई मुस्लिम नेताओं ने नीतीश कुमार की इस हरकत को अनुचित बताया है.
पाकिस्तानी डॉन ने नीतीश को क्या धमकी दी
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी किया. इस वीडियो में भट्टी ने कहा कि बिहार में जो हुआ वह सबने देखा है. उसने आरोप लगाया कि एक ऊंचे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति ने एक मुस्लिम महिला के साथ गलत व्यवहार किया. उसने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के पास अभी भी महिला से माफी मांगने का समय है. उसने चेतावनी दी कि अगर तुरंत माफी नहीं मांगी गई, तो ‘जिम्मेदार संस्थानों’ को कार्रवाई करनी चाहिए. उसने यह कहते हुए बात खत्म की कि बाद में कोई यह न कहे कि उन्हें चेतावनी नहीं दी गई थी. हाल ही में पाकिस्तानी डॉन भट्टी ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी दी थी.

