ब्यूरो — नई दिल्ली, नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को दिल्ली हाई कोर्ट ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रवर्तन निदेशालय की उस अर्जी पर यह नोटिस जारी किया गया है, जिसमें एजेंसी ने ट्रायल कोर्ट की तरफ से मनी लांड्रिंग केस को खारिज करने को चुनौती दी है। ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि इस मामले में पहले ही दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा जांच कर रही है, इसलिए इस मामले में अब मनी लांड्रिंग के तहत केस आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।
इसी फैसले को चुनौती देते हुए ईडी ने हाई कोर्ट का रुख किया था, जिस पर बैंच ने सोनिया और राहुल गांधी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस केस की अगली सुनवाई अब मार्च, 2026 में होगी। बता दें कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी से इस केस में पूछताछ भी की जा चुकी है। हाल ही में निचली अदालत में इन दोनों को राहत मिली थी, जिसके बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार की बदनीयत पर सवाल उठाते हुए केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन किए थे।

