काराकस: अमेरिकी सेना ने आखिरकार वेनेजुएला पर हमला बोल दिया है। राजधानी काराकस में शनिवार सुबह तड़के तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। काराकस में धमाकों की पुष्टि की है। पहला धमाका स्थानीय समयानुसार लगभग 1:50 बजे हुआ। शहर के कई इलाकों में बिजली गायब हो गई है। धमाकों के बाद वेनेजुएला की राजधानी में कम ऊंचाई पर उड़ते हुए विमानों की आवाजें सुनाई दी हैं। वहीं, वेनेजुएला के सूत्रों ने बताया कि हवाई हमलों में देश के रक्षा मंत्री के घर और राजधानी काराकस में एक बंदरगाह को निशाना बनाया गया।
मादुरो के खिलाफ क्यों हैं ट्रंप?
ऐसे में आइए समझते हैं कि अमेरिका के वेनेजुएला पर सीधा हमला करने के पीछे की वजह क्या है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले कुछ समय से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर दबाव बनाए हुए हैं। अमेरिकी युद्धपोतों को इस दक्षिण अमेरिकी देश के पास तैनात किया गया है, जिसे ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ सबसे बड़ी सैन्य तैनाती कहा है। इसके पहले 29 दिसम्बर को ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की ड्रग्स वाली नावों के लिए एक डॉकिंग एरिया पर हमला किया था, लेकिन उन्होंने हमले की जगह नहीं बताई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार चेतावनी देते रहे हैं कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है और जमीन पर जल्द ही हमले शुरू होंगे। अक्टूबर में ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने CIA को वेनेजुएला के अंदर काम करने की इजाजत दी है, ताकि इस दक्षिण अमेरिकी देश से आने वाले अवैध प्रवासियों और ड्रग्स की बाढ़ पर रोक लगाई जा सके।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर ट्रंप लगातार हमलावर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका में वेनेजुएला के लाखों प्रवासियों के आने के लिए मादुरो को जिम्मेदार ठहराया है। अनुमान है कि 2013 से देश के आर्थिक संकट और दमन के कारण लगभग 80 लाख लोग वेनेजुएला छोड़कर भाग गए हैं। ट्रंप ने मादुरो पर अपनी जेलों को खाली करने और कैदियों को अमेरिका में प्रवासी बनने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसका कोई सबूत नहीं दिया है।
मादुरो पर गैंग चलाने का आरोप
ट्रंप ने वेनेजुएला के दो अपराधी समूहों- ट्रेन डे अरागुआ और कार्टेल डे लॉस सोल्स- को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कार्टेल डे लॉस सोल्स का नेतृत्व खुद मादुरो करते हैं। यही नहीं, ट्रंप ने मादुरो को पकड़ने वाली जानकारी के लिए इनाम भी दोगुना कर दिया है। मादुरो ने कार्टेल लीडर होने से साफ इनकार किया है और आरोप लगाया है कि अमेरिका उन्हें हटाने और वेनेजुएला के विशाल तेल भंडाल पर कब्जा करने के लिए ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को बहाने के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं।

