देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर एक बार फिर चर्चा का माहौल गरमाया हुआ है। एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के वायरल ऑडियो-वीडियो को लेकर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य संगठनों ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोल दिया। मामले में भाजपा के सीनियर नेता का नाम लिए जाने के मामले में एक्ट्रेस उर्मिला सनावर को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था। अब पूछताछ के बिंदुओं को लेकर देहरादून एसएसपी अजय सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने वायरल वीडियो को छोड़कर कोई अन्य सबूत नहीं मिलने की बात कही है। दूसरी तरफ, मामला गरमाने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। दूसरी तरफ, उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार होने की बात करती दिख रही हैं।

एसएसपी ने क्या कहा?

देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि देहरादून पुलिस ने पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की पत्नी एक्ट्रेस उर्मिला सनवार के बयान दर्ज किए हैं। उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी मर्डर केस में एक वीआईपी का नाम लेकर सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी थी। देहरादून के नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन और डालनवाला पुलिस स्टेशन में उर्मिला के खिलाफ दर्ज मामलों में पुलिस ने उनसे पूछताछ की है। उनके बयान रिकॉर्ड किए हैं।

एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर उर्मिला सनावर के खुद वायरल किए गए वीडियो के अलावा पुलिस को अब तक कोई और सबूत नहीं मिला है। जांच अधिकारियों ने उर्मिला की ओर से पुलिस को दिए गए बयानों की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है। मामले की जांच चल रही है।

दर्शन भारती का बड़ा दावा

अंकिता भंडारी केस में वीडियो जारी करने वाली 9 दिन से गायब एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के देहरादून पहुंचने के बाद राजनीति गरमा गई। उर्मिला को देहरादून लाने वाले स्वामी दर्शन भारती का कहना है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर के दबाव में उर्मिला ने कथित वीआईपी नेता का नाम लिया। उनका दावा है कि असली दोषी सुरेश राठौर है। उन्होंने कहा कि वीआईपी के तौर पर नाम लिए गए नेता और सुरेश राठौर की आपसी लड़ाई है।

स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि आपसी दुश्मनी को एक अलग प्रकार का रंग दिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उर्मिला को जबरन बोलने के लिए मजबूर किया गया। उनके इस बयान ने अब हड़कंप मचा दिया है। वहीं, उर्मिला ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर खुद के लिए सुरक्षा की मांग की है।

माता-पिता को सीएम धामी का भरोसा

अंकिता भंडारी के माता-पिता ने बुधवार देर शाम सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। सीएम ने उन्हें मामले में कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार हर क्षण पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उनकी भावनाओं के अनुसार ही सरकार आगे कार्रवाई की दिशा तय करने जा रही है। सीएम ने सकारात्मक कार्रवाई की बात कही।

देहरादून कैंट रोड स्थित सीएम आवास में मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। सूत्रों के अनुसार,अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र भंडारी और सोनी देवी ने अपनी पीड़ा सीएम धामी के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि इस मामले में बार-बार एक वीआईपी की भूमिका की बात आ रही है। उसकी जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई स्तर के जांच की जरूरत बताई। इस पर सीएम ने उन्हें भरोसा दिया।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version