Vibrant Gujarat Live: वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (VGRC) राजकोट में आयोजित किया जा रहा है. 11 और 12 जनवरी को हो रही इस समिट में देश-विदेश के कई बड़े उद्योगपति समेत रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के सीएमडी मुकेश अंबानी शामिल हुए.
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने वाइब्रेंट गुजरात समिट में रविवार को बड़े इन्वेस्टमेंट का ऐलान किया. उन्होंने कहा, अगले 5 सालों में हम 7 लाख करोड़ रुपये निवेश करेंगे. इससे गुजराती और भारतीयों के लिए नौकरी के मौके बनाएंगे. उन्होंने बताया कि हम जामनगर में देश का सबसे बड़ा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर बना रहे हैं. इस कांफ्रेंस का उद्धाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. इसमें देश दुनिया के तमाम उद्योगपति हिस्सा ले रहे हैं.
हमारी आत्मा है गुजरात
मुकेश अंबानी ने ‘जय सोमनाथ’ के साथ स्पीच की शुरुआत की. उन्होंने कहा, ”मैं राजकोट को सलाम करता हूं, वह सच में गुजरात का किंग हैं. ऐतिहासिक शहर राजकोट में पहली बार रीजनल समिट हो रही है. रिलायंस एक गुजराती कंपनी हैं. गुजरात हमारी आत्मा है, गुजरात हमारा शरीर है.”
जामनगर में बनेगा देश का सबसे बड़ा AI डेटा सेंटर
मुकेश अंबानी ने कहा, ”हम अगले 5 सालों में 7 लाख करोड़ रुपये निवेश करेंगे. गुजराती और भारतीयों के लिए नौकरी के मौके बनाएंगे. हम जामनगर में देश का सबसे बड़ा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर बना रहे हैं. रिलायंस फाउंडेशन 2036 में होने वाले वर्ल्ड ओलंपिक्स में भी पार्टनर बनने जा रहा है.”
भारत माता की सेवा करना हमारा धर्म
रिलायंस के सीएमडी ने कहा कि गुजरात का विकास हमारा संकल्प है. भारत माता की सेवा करना हमारा धर्म है. भारत की सुरक्षा दीवार का नाम नरेंद्र मोदी है. उन्होंने यह भी कहा कि रिलायंस सौराष्ट्र के जामनगर में एक वर्ल्ड-क्लास अस्पताल बना रही है.
मल्टीस्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मैनेज करेगी रिलायंस
वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में मुकेश अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि 2036 ओलंपिक को अहमदाबाद लाने के प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने के लिए रिलायंस फाउंडेशन पूरी तरह तैयार है. रिलायंस, गुजरात सरकार के साथ मिलकर अहमदाबाद के नारणपुरा में वीर सावरकर मल्टीस्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मैनेज करेगी. यह कॉम्प्लेक्स राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के साथ-साथ भारत के भविष्य के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने का बड़ा केंद्र बनेगा.
सोमनाथ के बाद वायब्रंट गुजरात समिट में पहुंचे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेने के बाद अब राजकोट पहुंचे. प्रधानमंत्री ने कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया.
1,500 से ज्यादा MoUs होने की संभावना
बता दें कि वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के दौरान 1,800 से ज्यादा B2B मीटिंग्स होंगी और 1,500 से ज्यादा समझौते मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoUs) होने की संभावना है. इस समिट में 110 से ज्यादा इंटरनेशनल बायर्स भी भाग ले रहे हैं.

