एक सनकी पिता ने अपनी पत्नी और 5 बच्चों को कुल्हाड़ी से काट डाला और इसके बाद उसने कहा कि यह सब भूत का किया धरा है। आरोपी पति ने कहा कि मेरे शरीर पर भूत आया और यह वारदात हो गया। मामला बिहार के सिवाल जिले के भगवानपुर थाना के बलहा अली मर्दनपुर का है। यहां एक सनकी पिता ने अपने ही पत्नी और 5 बच्चों को टांगी से काट दिया। आरोपी की 2 बेटियां और 3 बेटे थे। पिता के हमले से घटनास्थल पर ही एक बेटी समेत चार बच्चों की मौत हो गई। वहीं, पत्नी और एक बच्ची को गंभीर स्थिति में पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम अवधेश चौधरी है। वह बलहा गांव का रहने वाला है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अवधेश चौधरी की किसी बात को लेकर पत्नी के साथ बहस हो गई थी। इसी बीच सनकी पति ने टांगी से अपने परिवार पर ही हमला कर दिया। जबकि आरोपी अवधेश चौधरी का कहना है कि हम गेट खोलकर बाहर गये थे और आये तो मेरे शरीर पर भूत सवार हो गया और लगा कि जो सामने आए उसे मार देना है, फिर सामने उसका ही परिवार आया तो उसने टांगी से हमला कर दिया। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सनकी पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
