वडोदरा। मौजूदा चैंपियन और दो बार की विजेता मुंबई इंडियंस की टीम महिला प्रीमियर लीग में शुक्रवार को जब गुजरात जॉयंट्स से भिड़ेगी, तो दोनों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्त्वपूर्ण होगा। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने की कोशिश करेंगी। गुजरात जायंट्स फिलहाल आठ अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.271 है। वह मुंबई इंडियंस (छह अंक, नेट रन रेट +0.146) और दिल्ली कैपिटल्स (छह अंक, नेट रन रेट -0.164) से दो अंक आगे है।
गुजरात जॉयंट्स का भाग्य अब उसके अपने हाथों में है। हरमनप्रीत कौर की अगवाई वाली मुंबई इंडियंस पर जीत उसे डब्ल्यूपीएल प्लेऑफ में जगह दिला देगी, जबकि रिकॉर्ड अंतर से जीत उसे सीधे फाइनल में पहुंचा सकती है। हालांकि मामूली अंतर से मिली हार भी जायंट्स के अभियान को समाप्त कर सकती है। अगर गुजरात जॉयंट्स शुक्रवार को मुंबई इंडियंस से हार भी जाती है, तब भी उसके प्लेऑफ में पहुंचने की थोड़ी संभावना बनी रहेगी।

