भुवनेश्वर: ओडिशा के भद्रक जिले के एक मर्चेंट नेवी अधिकारी सार्थक महापात्र 3 फरवरी को मॉरीशस के पास एक समुद्री जहाज पर ड्यूटी के दौरान लापता हो गए हैं। इस खबर से उनके परिवार वाले परेशान हैं। सार्थक के परिवार वालों ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर उसे खोजने की अपील की है। उनकी माता रश्मिता महापात्र ने बताया कि 2 फरवरी को जहाज सिंगापुर के पास था, जब सार्थक ने अपने परिवार के लोगों, दोस्तों और अन्य जानने वालों से संपर्क किया था। इसके बाद से उनसे कोई संवाद नहीं हो पाया है। रश्मिता ने कहा कि हम सभी उनके अचानक गायब होने से बेहद निराश और चिंतित हैं। हमें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और यह सोचकर हमारा मन अशांत है कि वे कहां हैं और क्या हाल है।


कौन है सार्थक महापात्र

सार्थक महापात्र केस्पुर (भद्रक) के निवासी हैं। वर्तमान में वो एक निजी शिपिंग कंपनी के माध्यम से काम कर रहे थे। उन्हें जुलाई 2025 में अपनी नौकरी से जोड़ा गया था और वे तभी से समुद्री यात्रा पर सेवा दे रहे थे। उनके परिवार के अनुसार, वह जिस जहाज पर कार्यरत थे, वह चीन से पश्चिम अफ्रीका की ओर यात्रा कर रहा था। उसी के बाद सिंगापुर होते हुए चीन वापस लौटने की दिशा में था। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि इस मामले में तुरंत कदम उठाए जाएं ताकि सार्थक को सुरक्षित रूप से घर लाने का प्रयास हो सके। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, शिपिंग महानिदेशक, और विदेश मंत्रालय से भी सहायता की गुहार लगाई है।

मां ने एक्स पर बयां किया दर्द
रश्मिता ने अपने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपने दुख को साझा किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मैं रस्मिता साहू बहुत परेशान हूं और मुझे तुरंत मदद चाहिए। मेरा बेटा कैडेट सार्थक मोहपात्रा 3 फरवरी 2026 को जहाज M.V. EA Jersey पर यात्रा के दौरान लापता हो गया है। मैं अधिकारियों से विनम्र निवेदन करती हूं कि कृपया इस मामले में दखल दें और मेरे बेटे को ढूंढने और बचाने के लिए हर संभव कोशिश करें, और कंपनी से विस्तृत अपडेट लें। मेरे बेटे को आखिरी बार 03 फरवरी 2026 (सुबह 06:15 बजे लोकल टाइम) पर अपने केबिन में जाते हुए देखा गया था। जहाज पर तलाशी और MRCC मॉरीशस के शामिल होने के बावजूद, वह अभी भी लापता है। एक मां के तौर पर, मैं पारदर्शी जांच, CCTV फुटेज, निजी सामान की जानकारी और लगातार आधिकारिक अपडेट की मांग करती हूं।

सरकार ने क्या बताया
वहीं इस मामले पर ओडिशा सरकार के अधिकारियों ने बताया है कि इस गंभीर मामले को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के सामने उठाया है। राज्य प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू करने और जहाज की स्थिति तथा उसमें सवार लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए अनुरोध किया है। अधिकारियों का कहना है कि केंद्र और संबंधित समुद्री एजेंसियों से बातचीत जारी है, ताकि जल्द से जल्द सार्थक महापात्र के बारे में ठोस जानकारी प्राप्त की जा सके।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version