Mahashivratri in Deoghar: देश भर में महाशिवरात्रि की धूम है, लेकिन झारखंड की बाबा नगरी देवघर में इसका उत्साह अद्भुत है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, बाबा बैद्यनाथ धाम में शिव और शक्ति के मिलन यानी महाशिवरात्रि की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरा शहर रोशनी से नहाया हुआ है और प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद है. देखिए देवघर से यह खास रिपोर्ट

बाबानगरी देवघर इस वक्त मानो साक्षात देवलोक में बदल गई है. महाशिवरात्रि के पावन मौके पर यहां न केवल देश के कोने-कोने से बल्कि विदेशों से भी शिवभक्त बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह का साक्षी बनने पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और पारंपरिक फूलों से सजाया गया है.

देवघर में महाशिवरात्रि की शुरुआत पुरानी परंपरा से होती है

महाशिवरात्रि की रस्मों की शुरुआत यहां सदियों पुरानी परंपरा के साथ होती है. मंदिर के शिखर पर स्थापित पंचशूल को फाल्गुन मास की एकादशी के दिन विधि-विधान से नीचे उतारा जाता है. इसके बाद शुद्धिकरण और विशेष तांत्रिक पूजा के साथ द्वादशी और त्रयोदशी को इसे पुनः शिखर पर स्थापित किया जाता है. मान्यता है कि यहीं से बाबा और माता के गठबंधन की रस्म शुरू होती है.

पूजा-पाठ के साथ-साथ देवघर की ऐतिहासिक ‘शिव बारात’ आकर्षण का मुख्य केंद्र है. इस बार शिव बारात में आस्था के साथ-साथ सामाजिक संदेशों का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा. झांकियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

शिव-पार्वती की बारात में सामाजिक संदेश 

इस बार बारात में ‘महिला विश्व कप विजेता टीम’ का भव्य कट-आउट नारी शक्ति का संदेश देगा, वहीं साइबर क्राइम पर आधारित झांकी लोगों को डिजिटल अपराध के प्रति जागरूक करेगी. इसके अलावा डाकू अंगुलीमाल की कहानी के जरिए अधर्म से धर्म की ओर लौटने का संदेश दिया जाएगा.

बारात में सैकड़ों कलाकार शिव, पार्वती, गणेश और भूत-प्रेत के वेश में नृत्य करते नजर आएंगे, जिनके स्वागत के लिए पूरा शहर पलकें बिछाए तैयार है.

लाखोंं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने की तैयारी

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है. शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए वॉच टॉवर और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस कप्तान सौरभ ने संभाल रखी है. मेले में दो रैफ (RAF) की कंपनियों के साथ 2000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. पॉकेटमारों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी.

ढोल-नगाड़ों की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकाली जाएगी शिवजी की बारात

बहरहाल ढोल-नगाड़ों की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ देवघर शिव बारात के स्वागत के लिए तैयार है. सुरक्षा चाक-चौबंद है और भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर. जाहिर है, इस बार की महाशिवरात्रि देवघर में ऐतिहासिक होने वाली है.

वही दुमका के बासुकीनाथ जिसे फ़ौजदारी बाबा के नाम से जाना जाता है . शिव विवाह को लेकर बिल्कुल तैयार है. मिथिला से अपनी बेटी की विवाह मे शामिल होनें और अपने शिव रूपी दामाद का खातिरदारी करने पहुंचे हुये है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version