कराईकल (पुडुचेरी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी से राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। अमित शाह ने शनिवार को कहा कि हाल में किए गए मुक्त व्यापार समझौतों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देश के किसानों और मछुआरों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। शाह ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी पर झूठ बोलकर किसानों और मछुआरों को गुमराह करने और भ्रम पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। अमित शाह ने पुलवामा हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और इसके बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी निर्णायक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल पर तीखा हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने आरोप लगाया कि गांधी ने रोजाना झूठ बोलने की एक नयी परंपरा शुरू कर दी है। शाह ने राहुल से कहा कि वे ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ-साथ अमेरिका के साथ हुए हालिया समझौतों की बारीकियों को ‘ध्यानपूर्वक’ पढ़ें। समझौतों को लेकर कांग्रेस सांसद ने तीखे हमले किए थे।
अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईकल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि झूठ बोलना, जोर-जोर से झूठ बोलना और उसे दोहराना राहुल गांधी की नीति है। लेकिन लोग आपकी झूठ गढ़ने वाली फैक्टरी को पहचान चुके हैं। पुडुचेरी में चुनाव नजदीक आने के बीच शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के मछुआरों और किसानों को गुमराह करना चाहते हैं। उनका इरादा झूठ बोलकर भ्रम फैलाना है।
व्यापार समझौते पर क्या कहा?
शाह ने कहा कि ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ हस्ताक्षरित मुक्त व्यापार समझौतों के अलावा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों की 100 प्रतिशत सुरक्षा सुनिश्चित की है। गांधीजी से एफटीए और व्यापार समझौते के प्रावधानों को ध्यानपूर्वक पढ़ने का आग्रह करते हुए शाह ने दोहराया कि भारतीय हितधारकों के हितों को 100 प्रतिशत सुनिश्चित किया गया है। मछुआरों को एफटीए से लाभ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान किसानों के हितों को बेच दिया गया था।
किसानों को कोई नुकसान नहीं
उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते और व्यापारिक संधियों से हमारे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। किसानों को नुकसान मनमोहन सिंह के शासनकाल में हुआ था। उस समय कई वैश्विक समझौते हुए थे जिनमें किसानों के हितों की बलि दी गई थी। यहां नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों और पशुपालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों, पशुपालन से जुड़े भाइयों और बहनों एवं मछुआरों को 100 प्रतिशत सुरक्षा प्रदान करने के लिए काम किया है।
नारायणसामी की सरकार पर हमला
बीजेपी के शीर्ष नेता ने भ्रष्टाचार को लेकर वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली पुडुचेरी की कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार (2016 से 2021) को निशाना बनाया और कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान केंद्र शासित प्रदेश में 15,000 करोड़ रुपये का पूरा विकास कोष हड़प लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू हो चुकी है। शाह ने आरोप लगाया कि नारायणसामी की सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश को ‘गांधी परिवार का एटीएम’ बना दिया था और उनका उद्देश्य दिल्ली में बेठै हाई कमान के खजाने को भरना था।
सेंटैक घोटाला का जिक्र
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने खुलेआम पीजी और डिप्लोमा सीटों की नीलामी कर दी। यहां तक कि उन्होंने धन के लालच में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें भी धनी लोगों को बेच दीं। उन्होंने सेंटैक घोटाला (मेडिकल कॉलेज प्रवेश घोटाला) किया, जिसकी सीबीआई जांच जारी है। उन्होंने परिवहन माफिया को जनता को परेशान करने के लिए खुला छोड़ दिया। पांच सालों तक कांग्रेस सरकार ने पुडुचेरी में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल बनाया। उन्होंने कहा कि कुशासन के उन वर्षों में न केवल भ्रष्टाचार था, बल्कि यहां की संस्थाएं भी ठीक से काम नहीं कर रही थीं और अव्यवस्था चरम पर थी।
पुडुचेरी में कब होंगे चुनाव?
उन्होंने कहा कि पहले पुडुचेरी के फैसले दिल्ली की अदालत में गांधी परिवार द्वारा लिए जाते थे, लेकिन अब पुडुचेरी के फैसले स्वयं पुडुचेरी द्वारा लिए जा रहे हैं। पुडुचेरी में अप्रैल में चुनाव होने वाले हैं। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द पुडुचेरी का दौरा करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की घोषणा एवं उद्घाटन करेंगे। उन्होंने पुडुचेरी के मतदाताओं से मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी के नेतृत्व वाली एआईएनआरसी-भाजपा सरकार और क्षेत्र के विकास के लिए मोदी के नेतृत्व को फिर से चुनने की अपील की। बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने यह भी भरोसा जताया कि 2029 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) केंद्र में फिर से सत्ता में आएगा।

