ग्रेटर नोएडा:
ग्रेटर नोएडा में आज सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा है. वे यमुना सिटी में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली शामिल होंगे. ग्रेटर नोएडा में उत्तर भारत का पहला सेमीकंडक्टर पार्क बन रहा है. ये प्रोजेक्ट बेहद खास है. पूरा प्रोजेक्ट करीब 48 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद भारत सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर एक और कदम आगे बढ़ जाएगा. इस सेमीकंडक्टर यूनिट की खासियतें हम यहां बता रहे हैं.
क्या हैं इस सेमीकंडक्टर यूनिट की खासियत
- ये उत्तर भारत की पहली हाई-टेक सेमीकंडक्टर यूनिट होगी.
- यह यूनिट HCL Group और दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Foxconn का संयुक्त वेंचर है.
- यह यूनिट HCL Group और Foxconn के करीब 4000 करोड़ रुपये के संयुक्त निवेश से बनेगी.
- इस सेमीकंडक्टर यूनिट में 20 हजार वैफर प्रतिमाह की क्षमता के साथ मोबाइल, लैपटॉप और ऑटोमोबाइल के लिए डिस्पले ड्राइवर चिप बनेंगी.
- यह जेवर एयरपोर्ट के पास स्थित है, जिससे अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, मल्टिमोडल कनेक्टिविटी और माल परिवहन आसान होगा.
- यह प्रोजेक्ट यमुना सिटी में 48 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही है.
- सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे.
आज PM मोदी और CM योगी रखेंगे आधारशिला
ग्रेटर नोएडा में बन रहे इस सेमीकंडक्टर पार्क की आधारशिला पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी रखेंगे. पीएम वर्चुअली जुड़ेंगे वहीं सीएम योगी ग्रेटर नोएडा के दौरे पर आ रह हैं. ये कार्यक्रम यमुना सिटी के सेक्टर-28 में होगा. शाम तकरीबन 4 बजे मुख्यमंत्री योगी पहुंचेंगे. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है. इस बीच नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. VVIP मूवमेंट को लेकर विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है.

