महाराष्ट्र, बदलापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जरूरतमंद महिलाओं को 25 से 35 हजार रुपये का लालच देकर उनके फीमेल एग्स निकालकर बेचने का एक बड़ा रैकेट पकड़ा गया है. इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है और तीनों को सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. अब तक 40 पीड़ित महिलाओं की पहचान हो चुकी है, जबकि पुलिस का मानना है कि पीड़िताओं की संख्या सैकड़ों में हो सकती है.

जांच में सामने आया है कि आरोपी सुलक्षणा जयवंत गाडेकर (उम्र 44, निवासी जुवेली गांव, बदलापुर) अपने घर से ही यह गैरकानूनी काम चला रही थी. गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को पैसे का लालच देकर उन्हें डोनर के तौर पर तैयार किया जाता था. पहले बिना डॉक्टर की सलाह के सोनोग्राफी करवाई जाती थी, फिर ओव्यूलेशन बढ़ाने के इंजेक्शन दिए जाते थे. एग्स बढ़ने के बाद पीड़ित महिलाओं को IVF/ART सेंटर ले जाया जाता था, जहां डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में एग्स निकालकर बेच देते थे.

 नकली दस्तावेज से बार-बार होता था शोषण

एक महिला एक बार ही यह प्रक्रिया करवा सकती है, लेकिन आरोपियों ने आधार कार्ड और अन्य नकली दस्तावेज बनाकर एक ही महिला से बार-बार एग्स निकलवाए. आरोपी महिला के मोबाइल फोन से इंजेक्शन की तस्वीरें, सोनोग्राफी रिपोर्ट, फर्जी एफिडेविट और कई महिलाओं की तस्वीरें के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी बरामद हुई है.

 कैसे खुला राज

एक पीड़ित महिला को एग्स बेचने के बदले तय पैसे नहीं दिए गए. इससे नाराज होकर उसने बदलापुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. ज्योत्सना सावंत को इस बारे में जानकारी दी. उनकी शिकायत पर बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया.

 तीन गिरफ्तार, बड़े डॉक्टरों पर भी गिरेगी गाज

इस मामले में सुलक्षणा गाडेकर के अलावा अश्विनी चाबुकस्वार (उम्र 29, निवासी उल्हासनगर) और मंजूषा वानखड़े (उम्र 46, निवासी उल्हासनगर) को गिरफ्तार किया गया है. उल्हासनगर के डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि बदलापुर, अंबरनाथ और उल्हासनगर के कई अस्पतालों के डॉक्टरों की इसमें अहम भूमिका है और जल्द ही कुछ बड़े डॉक्टरों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है.

 इंटर-स्टेट कनेक्शन की भी जांच

शुरुआती जांच से पता चला है कि इस रैकेट का इंटर-स्टेट कनेक्शन हो सकता है. एग्स को राष्ट्रीय स्तर पर बेचा जाता था. पुलिस अभी यह भी जांच कर रही है कि इसका कोई अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन तो नहीं है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version