गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने राज्य में ड्रग कार्टल्स को लेकर दावा किया है कि हम यहां कंज्यूमर को नहीं पकड़ते बल्कि परिवार को बुलाकर उनकी काउंसलिंग कराते हैं. हमें कार्ट्ल्स को पकड़ना है. यह गुजरात सरकार का यूनिक मॉडल है.
एबीपी न्यूज़ के विशेष कार्यक्रम आईडिया ऑफ इंडिया 2026 में हर्ष सांघवी ने राज्य में बुल्डोजर एक्शन पर भी जवाब दिया.
एबीपी न्यूज़ की पॉलिटिकल अफेयर्स की सीनियर एडिटर मेघा प्रसाद के सवालों का जवाब देते हुए हर्ष ने कहा कि गुजरात आज भी देश का सबसे सुरक्षित राज्य है. गुजरात नंबर 1 था, नंबर 1 है और रहेगा.
सांघवी ने कहा कि द्वारका में दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए जो जगह आवंटित थीं, वहां अगर बड़ी बड़ी इमारतें बन जाएंगी तो एक्शन लेना पड़ेगा. कच्छ-भारत पाकिस्तान की सीमा पर हजारों की संख्या में घर बन जाते हैं, ऐसे कुछ भी नहीं हो सकता है.
मैरिज रजिस्ट्रेशन कानून पर बोले हर्ष सांघवी
चंदोला में बुल्डोजर एक्शन पर हर्ष सांघवी ने कहा कि सबसे ज्यादा ड्रग्स, सबसे ज्यादा बांग्लादेशी यहां मिले. यह बात पूरा गुजरात जानता है. आज देखिए चंदोला अच्छा बन गया है. वहां सभी वर्ग के लोग आएंगे.
सांघवी ने दावा किया कि यहां 1 आदमी के 50-100 घर मिले. अगर कोई बलात्कारी राज्य की बेटियों पर हमला करे तो हम उनकी पूजा नहीं करेंगे.
गुजरात विधानसभा में मैरिज रजिस्ट्रेशन कानून पारित होने से जुड़े सवाल पर सांघवी ने कहा कि हम इसके जरिए मॉरल पुलिसिंग नहीं कर रहे हैं. मैं सभी युवा साथियों को कहना चाहता हूं कि यह जेन जी को बचाने के लिए किया गया है. हमने किसी के रजिस्ट्रेशन नहीं रोके हैं. हमने कंपल्सन नहीं रखा है.
उन्होंने कहा कि हमने कानून में कोई बदलाव नहीं किया. हमने केवल प्रोसिजर्स को फुलफिल किया है. अगर माता पिता की मंजूरी न भी मिले तब भी शादी हो सकती है. 1 महीने तक माता पिता के पास समय होता है. कानून में है कि अगर माता पिता अपनी बेटियों को परेशान करेंगे तो हम उन पर भी एक्शन लेंगे.

