खरोरा। मिली जानकारी अनुसार दिनांक 28.02.2026 को प्रार्थी भागवत सारथी पिता शिवकुमार सारथी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम खरोरा वार्ड क्रमांक 10, थाना खरोरा, जिला रायपुर द्वारा थाना खरोरा में उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी, उम्र 27 वर्ष, का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना पर मर्ग इंटिमेशन क्रमांक 36/2026 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कायम कर डॉग स्क्वाड एवं एफ.एस.एल. टीम को मौके पर निरीक्षण हेतु बुलाया गया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा मृतक के परिजनों के कथन लिए गए। परिजनों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या कर शव को सागौन वाटिका की ओर घसीटकर फेंका गया है। पंचनामा कार्यवाही उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का पाए जाने से धारा 103(1) भा.न्या.सं. के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। हत्या की घटना को पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा गंभीरता से लेेते हुये आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में थाना खरोरा पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में मृतक के परिजनों सहित आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ किया गया। मृतक की पत्नि से पूछताछ करने पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उसका लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक व्यक्ति के साथ पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी मृतक को हो जाने पर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद एवं मारपीट होती थी। इसी से परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत दिनांक 27.02.2026 को रात्रि लगभग 09ः00 बजे उसने अपने पति को बहन को ग्राम बिठिया से लाने का बहाना बनाकर घर से अकेले भेज दिया।
पूर्व नियोजित योजना के अनुसार ग्राम खरोरा-रायपुर रोड पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपी लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप तथा उसके दो अन्य साथी एक थार वाहन में सवार होकर मौके पर पहुंचे। ग्राम माठ -तिल्दाडीह रोड स्थित सागौन वाटिका के सामने आरोपियों ने मोटरसाइकिल सहित किशोर सारथी को टक्कर मारकर गंभीर चोट पहुंचाई और हत्या कर दी।

घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया, परंतु पुलिस की सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई से साजिश का पर्दाफाश हुआ। प्रकरण में षड्यंत्रपूर्वक हत्या किया जाना पाए जाने से धारा 61(2) भा.न्या.सं. जोड़ी गई। मामले में मृतक की पत्नी सहित कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। थाना खरोरा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से गंभीर हत्या प्रकरण का चंद घंटों में सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।

मामले की जांच में खरोरा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह की सुई पहले प्रेमी की ओर गई। कड़ी पूछताछ में पूरा षड्यंत्र सामने आ गया।पुलिस ने बताया कि हत्या की वारदात में लिलेश उर्फ भूरू के साथ धरसींवा क्षेत्र के दो अन्य साथी भी शामिल थे। चारों आरोपियों—पत्नी रोशनी, प्रेमी लिलेश उर्फ भूरू और उसके दो साथियों—को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
Exit mobile version