‘धुरंधर 2’ यानी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है और फैंस तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। ट्रेलर में जहां एक तरफ हमजा अली मजारी दुश्मनों पर बरसता नजर आ रहा है, तो दूसरी ओर जसकिरत रंगी के रूप में भी उसका खौफनाक अवतार देखने को मिला है। दोनों ही किरदारों में रणवीर सिंह छा गए हैं और साबित कर दिया है कि किरदारों में ढलने के मामले में वह पूरे ‘गिरगिट’ हैं। ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर देखने के बाद फैंस के होश उड़ गए हैं। रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी समेत हर कलाकार के रोल में काफी ट्विस्ट होंगे, जिनकी झलक ट्रेलर में है।
‘धुरंधर:द रिवेंज’ का ट्रेलर देख फैंस का कहना है कि ये तो ‘धुरंधर वर्सेस धुरंधर 2’ हो गया है। ट्रेलर को खबर लिखे जाने तक ही एक घंटे से कम समय में 16 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। लोगों ने डायरेक्टर आदित्य धर की भी तारीफ की है कि 3 मिनट लंबे ट्रेलर के बावजूद उन्होंने दूसरे पार्ट की कहानी का जरा सा भी हिंट नहीं दिया और उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। म्यूजिक से लेकर डायलॉग और एक-एक सीन की खूब तारीफ हो रही है।

