देहरा – देहरा-कांगड़ा रोड पर एनएच-503 पर रेन बसेरा के पास परमार पेट्रोल पंप के सामने रविवार को एक बार फिर भयंकर सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो महिलाएं सहित तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार सड़क से बाहर जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की टाटा हेक्सा (DL-1CW-3627) और HP-72B-8717 नंबर की कार के बीच यह टक्कर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिल्ली नंबर की गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि HP-72B-8717 नंबर की कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चली गई और पलट गई।

हादसे में कार में सवार दो महिलाएं घायल हो गईं, जबकि दूसरी कार के चालक को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि एनएच-503 पर देहरा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। खासकर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
Exit mobile version