पुणे, महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक सनकी प्रेमी ने सनसनीखेज कांड को अंजाम दिया है। दरअसल, प्रेम का प्रस्ताव स्वीकार न करने पर युवक के सिर पर ऐसा पागलपन सवार हो गया कि उसने लड़की पर हंसिए से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, लड़की को अधमरा करने के बाद बताया जा रहा है कि वह दूर एक पहाड़ी इलाके में जाकर खुदकुशी भी कर ली। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस हर एंगल से जांच करने की कोशिश कर रही है।
आपको बता दें कि यह मामला जिले के जुन्नर इलाके का है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का नाम महेश डामसे है, जो उसी गांव का रहने वाला था और युवती को जानता था। बताया जा रहा है कि महेश युवती से शादी करना चाहता था और उसने उसे प्रपोज भी किया था, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
कॉलेज के लिए निकली थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह युवती जुन्नर स्थित आदिवासी छात्राओं के सरकारी हॉस्टल से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान महेश पहले से ही वहां घात लगाकर बैठा था। जैसे ही युवती वहां से गुजरी, उसने उसे रोक लिया और अपने पास रखे हंसिए से उसके सिर और चेहरे पर कई बार हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवती गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

