मनाली -अटल टनल रोहतांग में अचानक हुई भारी बर्फबारी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. टनल के साउथ पोर्टल के पास भारी बर्फबारी के कारण लगभग एक हजार से अधिक वाहन फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम ने रात भर मोर्चा संभाले रखा.

अचानक बदले मौसम के मिजाज के कारण साउथ पोर्टल के पास हालात चुनौतीपूर्ण हो गए थे. डीएसपी मनाली केडी शर्मा स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पिछले कई घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली. पुलिस का मुख्य लक्ष्य सभी सैलानियों और वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकालना है. 

हालात को देखते हुए प्रशासन ने BRO (सीमा सड़क संगठन) और अन्य संबंधित एजेंसियों से भी मदद मांगी है. सड़क को यातायात के लिए बहाल करने  के लिए मशीनों की सहायता से सड़क पर जमी बर्फ हटाई जा रही है. फिसलन कम करने के लिए बर्फ पर मिट्टी डाली जा रही है और आवश्यकतानुसार यूरिया खाद का उपयोग किया जा रहा है ताकि बर्फ को तेजी से पिघलाया जा सके.

ताजा अपडेट के मुताबिक, अटल टनल के भीतर अभी भी सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं. ये सभी वाहन कल लाहौल से मनाली की तरफ निकले थे, लेकिन बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया. फिलहाल मनाली और केलांग के बीच सड़क मार्ग पूरी तरह बंद है. एसडीएम रमण कुमार शर्मा और डीएसपी केडी शर्मा रात से ही घटना स्थल पर डटे हुए हैं. बीआरओ की मशीनरी द्वारा लगातार सड़क बहाली का कार्य जारी है और धीरे-धीरे हालात सामान्य होने लगे हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version