गुवाहाटी। अपने 15वें जन्मदिन के तीन दिन बाद वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 सीज़न की शुरुआत 15 गेंदों में अर्धशतक से की, जो इसलिए भी ख़ास था क्योंकि उसी पिच पर चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ़ 127 रन पर ऑलआउट हो गई थी। सूर्यवंशी ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की योजना पावरप्ले का पूरा फ़ायदा उठाने की थी, इसलिए उन्होंने आक्रामक अंदाज़ अपनाया। राजस्थान की आठ विकेट की जीत के बाद सूर्यवंशी ने कहा, “हमारी योजना थी कि हम पावरप्ले को अच्छी तरह एग्ज़िक्यूट करें। शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा लग रहा था, लेकिन बाद में गेंद पुरानी होने पर बल्ले पर अच्छे से आने लगी।”

“मैं डिफ़ेंस के बारे में भी सोचता हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में खेलने का था। छोटे टारगेट में मैच पावरप्ले में ही तय हो जाता है। अगर बॉलिंग टीम पावरप्ले में अच्छा करती, तो मैच उनके पक्ष में जा सकता था। लेकिन हम सभी ने पूरी तरह अटैक किया और हमारा पावरप्ले अच्छा गया।” सूर्यवंशी को पहली ही गेंद पर सीएसके के डेब्यू खिलाड़ी कार्तिक शर्मा ने कैच छोड़ दिया था, जो डीप मिडविकेट पर एक मुश्किल मौक़ा था। उन्होंने पावरप्ले ख़त्म होने तक 16 गेंदों में 52 रन बना लिए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल थे। आरआर का स्कोर 6 ओवर में 70 रन था।

उन्होंने कहा कि आरआर मैनेजमेंट ने उन्हें अपना नेचुरल गेम खेलने की आज़ादी दी और सीजन से पहले उनकी तैयारी भी अच्छी रही। “उन्होंने बस कहा कि हम तुम्हें सपोर्ट कर रहे हैं, तुम अपना नेचुरल गेम खेलो। उन्होंने मेरे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया। प्रैक्टिस भी अच्छी रही। हम यहां थोड़ा पहले आ गए थे, इसलिए तैयारी अच्छी हुई। उन्होंने कहा कि बस अपना गेम खेलो, सिचुएशन पढ़ो और खेलो। बाक़ी अपने गेम पर भरोसा रखो।” सूर्यवंशी ने 2025 में 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने आरआर के लिए सात मैच खेले, आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाया और सीज़न में 252 रन 206.55 के स्ट्राइक रेट से बनाए।

आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा कि उन्होंने सूर्यवंशी को भरोसा दिलाया है कि वह 2026 सीजन के सभी 14 मैच खेलेंगे, चाहे प्रदर्शन कुछ भी हो। उन्होंने, सूर्यवंशी को बाहरी शोर से दूर रहने की सलाह भी दी। “मैं उससे कहता हूं कि तुम 14 मैच खेलोगे, चाहे कुछ भी हो। बाहर क्या कहा जा रहा है, उससे फ़र्क़ नहीं पड़ना चाहिए।”

पराग ने मज़ाकिया अंदाज़ में यह भी बताया कि टीम, सूर्यवंशी को ख़ुश रखने के लिए उन्हें नेट्स में ज़्यादा बल्लेबाज़ी का मौक़ा देती है और उन्हें उनका पसंदीदा नाश्ता भी उपलब्ध कराती है। “उसे बल्लेबाज़ी करना बहुत पसंद है, इसलिए हम सुनिश्चित करते हैं कि उसे नेट्स में पूरा समय मिले। अगर उसे कुछ खाने का मन होता है, तो उसे वह भी उपलब्ध कराया जाता है।”

पराग ने यह भी कहा कि वह और उनके साथी खिलाड़ी सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी को दर्शकों की तरह ही देखते हैं। उन्होंने कहा, “जब ध्रुव (जुरेलl) और मैं डगआउट में बैठे थे और दो-तीन ओवर हो चुके थे, जिस तरह वह बल्लेबाज़ी कर रहा था, हम एक-दूसरे को देख रहे थे। विकेट थोड़ा धीमा था, लेकिन वह फिर भी ऐसे शॉट मार रहा था। जैसे स्टैंड में बैठे लोग देख रहे होते हैं, हम भी वैसे ही देखते हैं। उसकी बल्लेबाज़ी देखकर हम भी हैरान रह जाते हैं। वह एक टैलेंट है और मुझे ख़ुशी है कि वह हमारी टीम में है।”

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version