मथुरा। वृंदावन में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ है। पंजाब के श्रद्धालुओं का जत्था यमुना में घूमने के लिए मोटर बोट पर सवार हुआ था। यह बोट असंतुलित होकर पलट गई। नौ श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है।
मांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर मोटर बोट पलट गई। इसमें पंजाब के मोंगा, मुक्तेश्वर और लुधियाना से आए कुल 32 लोग सवार थे। इनके जत्थे में करीब 150 लोग शुक्रवार सुबह नौ बजे वृंदावन पहुंचे थे।
सुबह निधिवन के दर्शन करने के बाद सभी लोग यमुना में पर्यटन के लिए निकले थे।। वृंदावन के केशीघाट पर सभी मोटर बोट पर सवार हुए। मांट थाना क्षेत्र में बने पैंटून पुल से मोटर बोट टकरा कर पलट गई। सभी 32 लोग डूब गए। इनमें से नौ के शव निकाले गए।

दस लोग सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। गोताखोर लगातार डूबे लोगों को यमुना में खोज रहे हैं। घाट पर अफरा तफरी मची हुई है। लोग बचाने के लिए चिल्ला रहे हैं। पुलिस ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू कराया है।
कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई है। गोताखोर श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में जुटे हैं।घटनास्थल पर जागरण टीम में विनीत मिश्र व विपिन पाराशर मौजूद हैं। शाम साढ़े चार बजे तक नौ श्रद्धालुओें के शव निकाले जा चुके थे।
जबकि जीवित निकले लोगों को लगातार एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर बचाव कार्य में तेजी लाने को सेना की टीम भी बुला ली गई है।