रायपुर- कृषि महाविद्यालय, रायपुर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि महाविद्यालय के दस छात्र-छात्राओं का चयन भारत सरकार के माय भारत युवा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “बजट क्वेस्ट 2026” (MY Bharat Budget Quest 2026) प्रतियोगिता के राष्ट्रीय चरण हेतु हुआ है। यह प्रतियोगिता 12 एवं 13 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT),नया रायपुर में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभागी भाग लेंगे।
चयनित प्रतिभागियों में प्रतीक झा, प्रवीण कुमार राजवाड़े (सभी बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष), किंजल पंड्या, अनुष्का चौरसिया, भावी रात्रे (सभी बी.एससी. कृषि चतुर्थ वर्ष), बादल कुजूर (एम.एससी.कृषि अंतिम वर्ष), प्रिया गरहेवाल, शतविशा नायक, काजल वर्मा, विशलक्ष्मी चौबे (पीएच.डी.कृषि पूर्व एवं अंतिम वर्ष) के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, तार्किक सोच एवं विश्लेषणात्मक क्षमता के आधार पर यह सफलता अर्जित की है।
इन विद्यार्थियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, तीक्ष्ण समझ तथा प्रतियोगिता के पूर्व चरणों में उनके उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण है। वे सभी अब विशिष्ट फाइनलिस्टों के एक समूह में शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं की आवाज का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।

फाइनलिस्ट के रूप में, उन्हें उच्च-स्तरीय संवाद में भाग लेने का एक अनूठा एवं प्रतिष्ठित अवसर प्राप्त होगा, जहाँ वे राष्ट्रीय मंच पर अपने विचारों और दृष्टिकोण का योगदान देंगे।
MY Bharat Budget Quest 2026 का उद्देश्य Union Budget 2026 को लेकर जन सामान्य की समझ को बढ़ाना है, ताकि बजट से जुड़ी प्रावधानों को अधिक सुलभ, प्रासंगिक और नागरिक-केंद्रित बनाया जा सके। यह पहल विशेष रूप से युवाओं पर केंद्रित है और बजट को आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास करती है।
बहु-चरणीय सहभागितापूर्ण प्रारूप में आयोजित MY Bharat Budget Quest 2026 की शुरुआत राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ से हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों को केंद्रीय बजट, आर्थिक नीतियों एवं विकास योजनाओं से जुड़े विषयों पर अपनी समझ एवं प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया है। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर निबंध चरण के लिए चयनित किया गया, जहाँ वे Union Budget 2026 के प्रमुख विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किया।
अंतिम चरण में, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर चयनित युवा प्रतिभागियों को विशेष रूप से 12 अप्रैल को महिला आरक्षण विधेयक , जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संविधान संशोधन विधेयक, 2023) के संदर्भ में छात्राओं को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
प्रतिभागियों को 13 अप्रैल 2026 को Union Budget 2026 पर माननीय प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर प्रदान किया जाएगा , जिससे नीति-समझ और सहभागिता को और सुदृढ़ किया जा सके। कार्यक्रम के पश्चात प्रतिभागियों को उनके उत्साही सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर चयनित छात्रों ने माननीय प्रधानमंत्री एवं ‘माय भारत’ पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं को अपनी बात रखने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष वर्चुअल माध्यम से अपने विचार एवं प्रस्तुति रखने का अवसर भी प्राप्त होगा, जो उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित प्रतिभागियों को निर्धारित तिथियों पर रायपुर में उपस्थित होकर माय भारत कार्यक्रम के अधिकारियों के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्हें प्रतियोगिता हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन भी प्रदान किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर डॉ.गिरीश चंदेल, माननीय कुलपति, डॉ.संजय शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ.आरती गुहे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय,रायपुर सहित समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया।
MY Bharat Budget Quest 2026 युवाओं में आर्थिक समझ, नीति निर्माण एवं राष्ट्र के विकास से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सशक्त मंच है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र अपनी विश्लेषणात्मक क्षमता को निखारते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करते हैं।
ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती है।