गुना : क्रिकेट के दीवाने जब आईपीएल के चौके-छक्कों पर नजरें टिकाए हुए हैं, तभी गुना पुलिस ने सट्टे के मैदान पर एक तगड़ा बाउंसर फेंकते हुए बड़े गिरोह को चारों खाने चित कर दिया है। पुलिस ने धरनावदा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक लग्जरी थार गाड़ी में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया है।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का मुख्य सरगना जिला बदर होने के बावजूद शहर में छिपकर सट्टे का काला कारोबार फैला रहा था। पकड़े गए आरोपी को उसके साथी “टीआई” नाम से भी पुकारते हैं, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस मामले का खुलासा शुक्रवार को गुना एसपी हितिका वासल ने किया। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि 22 अप्रैल की रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे पर मिडवे ट्रीट के पास एक बिना नंबर की थार गाड़ी में कुछ लोग मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे हैं।

एसपी हितिका वासल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम गठित की। जैसे ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की, थार में बैठे बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी मास्टर आईडी के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे और अन्य लोगों को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे। इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस ने कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 3 की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष 9 की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस ने मौके से आरोपियों के पास से 4 महंगे मोबाइल फोन, बिना नंबर की थार गाड़ी और 31,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

एडिशनल एसपी मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी रूहिल शर्मा और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम और मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version