पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना क्षेत्र के रमेश पार्क, जे एक्सटेंशन में शनिवार देर रात एक रिहायशी इलाके में भीषण आग लग गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग सबसे पहले एक ट्रांसफार्मर में लगी, जिसके बाद चिंगारियां पास की इमारतों तक फैल गईं.
आग ने देखते ही देखते चार रिहायशी इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 14 फ्लैट प्रभावित हुए. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया.
देर रात लगी आग
फायर विभाग के सहायक डिविजनल ऑफिसर राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि रात 12:45 बजे आग लगने की कॉल प्राप्त हुई थी. मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 8 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
राहत की बात यह है कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.

