केंद्र सरकार के बहुप्रतीक्षित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में सियासी घमासान तेज हो गया है. इसी कड़ी में भीलवाड़ा में भी बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आया. एक ओर कांग्रेस ने बिल को तत्काल लागू करने की मांग उठाई. वहीं बीजेपी ने कांग्रेस पर इसे रोकने की साजिश का आरोप लगाया है.

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेत्री नसीम अख्तर भीलवाड़ा पहुंचीं, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया. इसके बाद सर्किट हाउस देहात और शहरी कांग्रेस संगठन के नेतृत्व में अलग-अलग आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण बिल अब तक लागू नहीं किया जाना केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है.

उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रम फैलाया जा रहा है कि कांग्रेस इस बिल का विरोध करती है, जबकि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और बिना किसी शर्त के इसे लागू करने की मांग करती रही है. उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया का हवाला देकर देरी करने पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि सरकार चाहे तो तुरंत इसे लागू कर सकती है. अख्तर ने यह भी कहा कि पंचायती राज और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण दिलाने का कार्य कांग्रेस की ही देन है और अब गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक किया जाएगा.

कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा हमला

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर जन भावनाओं को कुचलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनावी समय में कांग्रेस नेताओं के बयानों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है. उन्होंने उदाहरण देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे के एक पुराने बयान का जिक्र किया, जिस पर बाद में स्पष्टीकरण भी दिया गया था. गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस का मूल दृष्टिकोण देश में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है, जबकि बीजेपी पर विभाजनकारी राजनीति करने के आरोप लगते रहे हैं.

महिला आरक्षण विधेयक पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने इसे 2029 के बाद लागू करने की बात कही है, जो परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा है. ऐसे में चुनावी समय पर इस मुद्दे को उठाना राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष ने ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग कर इसे और अधिक समावेशी बनाने का प्रयास किया है.

बीजेपी ने कांग्रेस पर बिल को अटकाने का लगाया आरोप

वहीं दूसरी ओर बीजेपी संगठन ने कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल को अटकाने की साजिश का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है. बीजेपी जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जन आक्रोश पदयात्रा का आयोजन शनिवार शाम 5 बजे किया जाएगा. यह पदयात्रा महात्मा गांधी अस्पताल के मुख्य द्वार, भोपाल क्लब चौराहे से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सूचना केंद्र स्थित बजरंगी चौराहे पर जनसभा में परिवर्तित होगी. इस दौरान विपक्षी नेताओं के पुतले भी जलाए जाएंगे और महिला आरक्षण बिल में बाधा डालने के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस पदयात्रा में बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा तथा बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित विभिन्न समाजों, संगठनों, छात्राओं और महिला समूहों की सैकड़ों महिलाएं भाग लेंगी.

महिला आरक्षण बिल पर गरमाया राजनीतिक माहौल

महिला आरक्षण बिल को लेकर भीलवाड़ा में सियासी माहौल गर्माया हुआ है. जहां कांग्रेस इसे तत्काल लागू करने की मांग के साथ जनता के बीच जा रही है, वहीं बीजेपी कांग्रेस पर बिल रोकने के आरोप लगाकर जन आंदोलन की तैयारी में जुटी है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक गर्माहट ला सकता है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version