तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख चंद्रशेखर जोसेफ विजय ने शपथ ले ली है. इस दौरान बड़ा और दिलचस्प नजारा देखने को मिला. जब राज्यपाल ने शपथ की पहली लाइन पढ़नी शुरू की. इसी बीच विजय अपने खास अंदाज में बोलने लगे और ऐसा लगा मानो वे भाषण शुरू कर रहे हों. इसको लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसा है.
पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, “क्या शपथ ग्रहण से पहले भाषण दिया गया था और फिर राज्यपाल ने उन्हें याद दिलाया कि वे यहां शपथ लेने आए हैं, भाषण देने नहीं? बस एक दोस्त के लिए पूछ रही हूं.” उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया.
शपथ से पहले विजय का ‘स्टाइल’
दरअसल, तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पद और गोपनीयता की शपथ ली. उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शपथ दिलाई. शपथ शुरू करने से पहले समारोह के दौरान ने भाषण शुरू कर दिया. इस पर राज्यपाल ने उन्हें बीच में रोकते हुए शपथ प्रक्रिया पूरी करने का इशारा किया. इसके बाद विजय ने मुस्कुराते हुए शपथ ली.
स्टेडियम में गूंजे विजय-विजय के नारे
विजय के मंच पर आते ही पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा. उनके समर्थकों ने जमकर उत्साह दिखाया. विजय का हर अंदाज उनके फैंस के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं दिखा. यही वजह रही कि शपथ ग्रहण समारोह भी पूरी तरह हाई-प्रोफाइल बना रहा. इस समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहे. इसके अलावा विजय के माता-पिता, अभिनेत्री तृषा कृष्णन और कई बड़ी हस्तियां समारोह में शामिल हुईं.
प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. कुछ लोग विजय के अंदाज को उनका आत्मविश्वास बता रहे हैं, तो कुछ इसे शपथ ग्रहण जैसे संवैधानिक कार्यक्रम में प्रोटोकॉल से अलग व्यवहार मान रहे हैं.
हालांकि विजय के समर्थकों का कहना है कि वह हमेशा अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं और यही स्टाइल उन्हें बाकी नेताओं से अलग बनाता है. वहीं विपक्षी दलों के नेता इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार चुटकी ले रहे हैं.

