मध्य प्रदेश के भिंड जिले में परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में एक युवक दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने पहुंच गया. लेकिन सतर्कता के चलते कॉलेज प्रशासन ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. यह मामला सामने आते ही परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया और पुलिस को बुलाना पड़ा.

यह घटना भिंड शहर के पीएमश्री एमजेएस महाविद्यालय की है. यहां एमए चौथे सेमेस्टर (हिंदी विषय) की परीक्षा चल रही थी. परीक्षा शुरू होने से पहले जब पहचान की जांच की जा रही थी, तभी यह फर्जीवाड़ा सामने आया.

प्रवेश पत्र की फोटो से हुआ शक

ड्यूटी पर तैनात प्रोफेसर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र देख रहे थे. इसी दौरान एक युवक की फोटो और उसके चेहरे में साफ अंतर दिखाई दिया. इस पर प्रोफेसर को शक हुआ और युवक से पूछताछ की गई. जवाब संतोषजनक न लगने पर दस्तावेजों की गहराई से जांच की गई.

दूसरे छात्र की जगह पेपर दे रहा था युवक

जांच में सामने आया कि युवक असली छात्र नहीं है. वह छात्र शिवम समाधियां की जगह एमए चौथे सेमेस्टर का हिंदी विषय का पेपर देने पहुंचा था. जैसे ही सच्चाई सामने आई, परीक्षा केंद्र में अफरा‑तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आया. तहसीलदार मोहनलाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. फर्जी परीक्षार्थी को तुरंत अलग बैठाकर पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसे किसने भेजा था और क्या इस काम में कोई और भी शामिल है.

विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

कॉलेज प्रशासन इस पूरे मामले की रिपोर्ट जीवाजी विश्वविद्यालय को भेजने की तैयारी कर रहा है. प्रारंभिक तौर पर इसे परीक्षा व्यवस्था के साथ गंभीर धोखाधड़ी माना जा रहा है. इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और पहचान जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version