रायपुर – राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के पूर्व कुलपति आचार्य अरुण द्विवाकर नाथ बाजपेयी ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर आचार्य बाजपेयी ने अपने कार्यकाल के दौरान प्राप्त मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल डेका के सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणा ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास और गुणवत्ता संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भेंट के दौरान दोनों के मध्य राष्ट्रीय शिक्षा परिदृश्य, उच्च शिक्षा में नवाचार, विश्वविद्यालयों में गुणवत्ता सुधार, शोध संस्कृति तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। आचार्य बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं समृद्ध बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी साझा किए।
आचार्य अरुण द्विवाकर नाथ बाजपेयी ने राज्यपाल के समृद्ध अनुभव, दूरदर्शी सोच एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहा है।
यह शिष्टाचार भेंट शिक्षा जगत में अनुभवों के आदान-प्रदान तथा छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

