टाहलीवाल: ऊना जिले के हरोली उपमंडल के तहत आने वाले गांव दुलैहड़ में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित बाइक सामने से आ रहे टिप्पर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रविन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव दुलैहड़, तहसील हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा दुलैहड़ बस स्टैंड के पीछे एक मोड़ के समीप हुआ। मौके पर मौजूद टिप्पर चालक ब्रजेश सिंह पुत्र अजय पाल सिंह निवासी जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह लुधियाना (पंजाब) से टिप्पर लेकर गोन्दपुर बुल्ला स्थित एक स्टोन क्रशर की ओर जा रहा था। चालक का आरोप है कि जब वह दुलैहड़ बस स्टैंड के पीछे मोड़ के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे बाइक चालक ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से गलत दिशा में आकर टिप्पर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार रविंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए दुलैहड़ के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने लिया टिप्पर चालक का ब्लड सैंपल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक और टिप्पर चालक दोनों का मेडिकल परीक्षण करवाया है। नशे या अन्य कारणों की पुष्टि के लिए टिप्पर चालक का ब्लड सैंपल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके की स्थिति और चालक के बयान के आधार पर संबंधित थाने में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है तथा हादसे के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

