नासिक : NEET-UG 2026 पेपर लीक के मामले में, CBI से मिली जानकारी के आधार पर, पुणे और अहिल्यानगर पुलिस ने दो आयुर्वेद डॉक्टरों, एक ब्यूटी पार्लर की मालकिन और एक इंजीनियरिंग के छात्र को हिरासत में लिया है। इसी लीक की वजह से 3 मई को हुई परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इन चारों को आगे की जांच के लिए CBI को सौंप दिया गया है। नासिक और अहिल्यानगर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने CBI से मिली जानकारी का हवाला देते हुए पुष्टि की कि आयुर्वेद डॉक्टरों में से एक, जो पुणे शहर के वाघोली में एक क्लिनिक चलाता था, उसे NEET-UG पेपर की हार्ड कॉपी मिली थी। उसने 10 लाख रुपये में पेपर लेकर उसे 15 लाख में बेचा था।
बताया जा रहा है कि आर्युवेदिक डॉक्टर ने शुभम खैरनार को नीट के पेपर कूरियर किए थे। उसे मंगलवार को नासिक से गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि खैरनार ने बदले में पेपर की तस्वीरें खींचीं और उन्हें आगे फैलाने के लिए हरियाणा के गुरुग्राम में अपने संपर्क वाले व्यक्ति को भेज दिया।
महाराष्ट्र से लीक हुआ था पेपर
नासिक के रहने वाले शुभम खैरनार को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने हिरासत में ले लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पुणे के एक संदिग्ध व्यक्ति से लीक हुआ पेपर खरीदा और बाद में उसे 5 लाख रुपये के मुनाफ़े पर बेच दिया। महाराष्ट्र के बाद, यह लीक हुआ पेपर कथित तौर पर कई राज्यों में फैल गया, जिनमें हरियाणा का गुरुग्राम, राजस्थान के जयपुर और सीकर (जो कोचिंग का एक बड़ा केंद्र है), साथ ही जम्मू-कश्मीर, बिहार और केरल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि CBI इस बात की जांच कर रही थी कि आयुर्वेद डॉक्टर को NEET-UG पेपर की हार्ड कॉपी कैसे मिली।
जिसे मिली था हार्ड कॉपी, वह फरार
अहिल्यानगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिस संदिग्ध को पेपर की हार्ड कॉपी मिली थी, वह खैरनार की गिरफ्तारी के बारे में पता चलते ही, पुणे छोड़कर अहिल्यानगर जिले के राहुरी के पास अपने गांव चला गया। उसके साथ दूसरा आयुर्वेद डॉक्टर भी था, जो ग्रामीण पुणे के जुन्नार में एक क्लिनिक चलाता था। अधिकारी ने कहा कि CBI की जानकारी और अनुरोध के आधार पर, हमने मंगलवार देर रात राहुरी के पास उस गांव से उन्हें हिरासत में ले लिया। CBI के अधिकारी अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में इन दोनों से पूछताछ कर रहे हैं।
ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला का रोल
पुणे के पुलिस कमिश्नर (CP) अमितेश कुमार ने कहा कि ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला (46) को बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बिबवेवाड़ी के सुखसागरनगर स्थित उसके घर से हिरासत में लिया गया। उसके बैंक खाते की जांच से पता चला कि परीक्षा के दौरान 21 लोगों ने उसके खाते में कुल 10 लाख रुपये जमा कराए थे।
पुणे के मंजरी पेइंग गेस्ट हाउस से इंजीनियरिंग का छात्र अरेस्ट
सीपी अमितेश कुमार ने कहा कि कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष के छात्र (22) को पुणे क्राइम ब्रांच ने पुणे के मंजरी में एक पेइंग गेस्ट (PG) सुविधा से हिरासत में लिया, जहां वह अपनी पढ़ाई के सिलसिले में रह रहा था। हिरासत में लिए गए ये चारों लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और अन्य संदिग्धों के संपर्क में थे। पुणे के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (क्राइम) विवेक मसाल ने कहा कि इंजीनियरिंग के छात्रों की भूमिका और सोशल मीडिया के ज़रिए दूसरे संदिग्धों के संपर्क में रहने के उनके मकसद की जांच की जा रही है।

