NTPC लिमिटेड के सीपत परियोजना में बालिका सशक्तिकरण अभियान (गर्ल एम्पावरमेंट मिशन-2026) का शुभारंभ किया गया। चार सप्ताह तक चलने वाले इस पूर्ण आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने शुक्रवार को किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में परियोजना प्रभावित गांवों के 38 शासकीय विद्यालयों से कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण लगभग 130 बालिकाओं का चयन किया गया है। 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए तैयार इस विशेष आवासीय कार्यक्रम में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ कंप्यूटर शिक्षा, योग, खेल, आत्मरक्षा, कला, संगीत, स्वच्छता, अनुशासन, संचार कौशल, समय प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं, वर्ष 2022 बैच की पूर्व प्रतिभागी दिव्यांशी मिरचन्य और चिंकी पाटनवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस अभियान ने उनके आत्मविश्वास, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा दी। वर्तमान में दोनों छात्राएं बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत हैं।

मुख्य अतिथि रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे अभियान बालिकाओं को बड़े सपने देखने और अपनी क्षमता पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से सीखने के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं क्षेत्र में सामाजिक बदलाव लाने वाली एनटीपीसी की सीएसआर पहलों की सराहना भी की।

परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि ‘जेम’ बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और नई आकांक्षाओं का विकास करने वाला परिवर्तनकारी मंच है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक एनटीपीसी सीपत में इस पहल के माध्यम से 525 बालिकाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

मानव संसाधन प्रमुख जयप्रकाश सत्यकाम ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद वर्तमान बैच की 10 मेधावी छात्राओं का चयन बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक निःशुल्क शिक्षा के लिए किया जाएगा।

संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने कहा कि समिति की सदस्याएं पूरे प्रशिक्षण काल में छात्राओं का मार्गदर्शन एवं सहयोग परिवार की तरह करेंगी।

भारत सरकार की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पहल के अनुरूप आयोजित यह अभियान देशभर के विभिन्न एनटीपीसी परियोजनाओं में संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष देशभर में 3,400 से अधिक बालिकाओं के इस कार्यक्रम से लाभान्वित होने की संभावना है। कार्यक्रम में एनटीपीसी के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सदस्य तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version