झुंझुनूं : राजस्थान पुलिस के लिए रविवार की सुबह बेहद दुखद साबित हुई। जब हरियाणा नंबर की संदिग्ध थार का पीछा करते समय झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर खेजड़ी के पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में पुलिस वाहन चला रहे कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल ने ड्यूटी के दौरान शहादत (मौत) हो गई , जबकि नवलगढ़ थाना प्रभारी सीआई अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

नाकाबंदी तोड़ भागी थार

दुखद हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कप्तान कावेन्द्रसिंह सागर के मुताबिक, सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में सुबह 3 बजे से 6 बजे तक पुलिस नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार पुलिस को चकमा देकर बैरिकेड तोड़ते हुए नवलगढ़ (झुंझुनूं) की ओर फरार हो गई। सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

यूटर्न लेते ही हादसा, पेड़ से भिड़ी पुलिस गाड़ी

पुजारी की ढाणी के पास बदमाशों ने अचानक कच्चे रास्ते की ओर यूटर्न ले लिया। तेज रफ्तार में पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी संतुलन खो बैठी और सडक़ किनारे खड़ी खेजड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के एयरबैग खुल गए और गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

अस्पताल ले जाते समय टूटा परिवार का सहारा
हादसे में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल (42), निवासी भोडकी, गुढ़ागौडज़ी, को पहले नवलगढ़ अस्पताल और बाद में सीकर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और पूरे शेखावाटी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
वाहन चालक भींवाराम मेघवाल अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। परिवार का यह होनहार और कर्तव्यनिष्ठ सदस्य अब हमेशा के लिए खामोश हो गया।

भागती थार गाड़ी को ग्रामीणों पकड़ा और तलाशी में मिली शराब
हादसे के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक शराब के नशे में थे। उनकी गाड़ी से बीयर के कैन भी बरामद हुए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

झुंझुनूं एसपी सागर पहुंचे अस्पताल
झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर अस्पताल पहुंचे और घायल सीआई अजय सिंह की कुशलक्षेम जानी। साथ ही ड्यूटी के दौरान शहादत देने वाले कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कर्तव्य पथ पर अमर हो गया एक सिपाही
राजस्थान पुलिस का यह जांबाज संदिग्धों को पकडऩे के मिशन पर था, लेकिन कर्तव्य निभाते-निभाते खुद शहीद हो गया। भींवाराम मेघवाल की यह कुर्बानी लंबे समय तक याद रखी जाएगी। पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव भोडक़ी में शोक का माहौल है। एसपी कावेन्द्रसिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारियों ने शोक जताया है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
Exit mobile version