अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। आरोपी पति समर्थ सिंह अब तक इस केस में फरार है। पुलिस ने पति पर इनाम की घोषणा भी कर दी है। इसी बीच ट्विशा की मॉडल दोस्त का बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर उनकी दोस्त ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
ट्विशा की दोस्त ने किया खुलासा
दिल्ली में रहने वालीं ट्विशा की दोस्त ने पीटीआई से बातचीत करते हुए इस केस पर अहम खुलासा किया है। उनका कहना है कि पिछले काफी समय से ट्विशा ने बात करना बंद कर दिया था। शादी के बाद उन्होंने फोन तक उठाना बंद कर दिया था। उन्होंने कई बार ट्विशा से बातचीत करने की कोशिश की लेकिन पिछले 1-2 साल में उनकी ज्यादा बात हो ही नहीं पाई थी।
मिस इंडिया के लिए साथ ली थी ट्रेनिंग
मॉडल दोस्त का कहना है कि उन्होंने सालों पहले ट्विशा के साथ मिस इंडिया की ट्रेनिंग ली थी। दोनों की ख्वाहिश थी एक सक्सेसफुल मॉडल बनने की। ट्विशा के बारे में उन्होंने कहा, मैं ट्विशा को साल 2013 से जानती हूं। मैं उससे पुणे में मिली थी पहली बार जब हम दोनों मॉडलिंग करते थे। पिछले तीन साल पहले बैंगलोर में मिली थी। 1-2 साल पहले तक हम दिल्ली में अक्सर मिलते थे।
ट्विशा की मौत के बाद दोस्त का खुलासा
ट्विशा की दोस्त की मानें तो वो स्वभाव की बहुत अच्छी थीं। उन्होंने कहा, ‘वो हमेशा लोगों की मदद करती थी। मैं मान ही नहीं सकती कि उसने ऐसा कुछ भी किया होगा जैसा कि खबरों में आ रहा है।’ इतना ही नहीं उनका ये भी कहना है कि ट्विशा ने शादी के बाद से ही फोन उठाना और बात करना बंद कर दिया था। एक बार के लिए तो उन्हें भी समझ नहीं आया कि ट्विशा ऐसा आखिर क्यों कर रही हैं।
कौन हैं ट्विशा शर्मा?
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। बताया जाता है कि वो कई साउथ फिल्मों में नजर आ चुकी थीं और हाल ही में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ में काम करने के बाद उन्हें नई पहचान मिली थी। एक्टिंग के अलावा ट्विशा कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम कर चुकी थीं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी और दिल्ली की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी भी की थी।

