उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। बाहर निकलने पर लू के थपेड़े शरीर को झुलसा रहे हैं और लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के देसी जुगाड़ अपना रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने भी यूपी के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। इसी बीच प्रयागराज से गर्मी का एक ऐसा ‘रियलिटी टेस्ट’ सामने आया है, जिसे देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि बाहर की धूप इस वक्त कितनी खतरनाक हो चुकी है।
खुद को प्रयागराज के कौशांबी का बताने वाले इंस्टाग्राम यूजर @faizsailor ने यह वीडियो शेयर किया है। इसमें वह भरी दोपहरी में अपनी छत पर जाते हैं। छत की फर्श धूप से इतनी तप रही है कि उस पर नंगे पैर खड़ा होना भी नामुमकिन है। शख्स लोगों को गर्मी की चेतावनी देते हुए एक प्रयोग करता है। वह सीधे फर्श पर थोड़ा सा सरसों का तेल गिराता है और फिर उसके ऊपर एक कच्चा अंडा फोड़ देता है।

वीडियो में जो नजारा दिखता है, वो वाकई डराने वाला है। बिना किसी चूल्हे, गैस या आग के… सिर्फ सूरज की चिलचिलाती धूप की वजह से अंडा कुछ ही सेकंड्स में पकना शुरू हो जाता है। हालांकि, अंडा पूरी तरह से तो ऑमलेट नहीं बन पाता, लेकिन वह आंशिक रूप से जरूर फ्राई हो जाता है। सफेद हिस्सा पककर ठोस होने लगता है।
बता दें कि प्रयागराज और आसपास के इलाकों में इन दिनों दिन का तापमान 42 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा है। वहीं, दोपहर के वक्त ‘फील्स लाइक’तापमान 48 डिग्री से भी ज्यादा पहुंच रहा है।
शख्स का यह ‘सनलाइट एग फ्राई’ वीडियो इंटरनेट पर फैल गया है। इसे देखकर लोग न सिर्फ हैरान हैं, बल्कि मजेदार कमेंट्स भी कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा- चलो बढ़िया है, अब तो गैस सिलेंडर की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। वहीं दूसरे यूजर ने गर्मी की गंभीरता को समझते हुए लिखा- दोपहर में घर से बाहर निकलना मतलब खुद को सीधे तंदूर में डालना है। एक अन्य ने लिखा- लगता है इस बार गर्मी इंसान के सारे रिकॉर्ड तोड़ कर ही मानेगी।
वाकई, यह वीडियो साबित करता है कि मौजूदा हीटवेव हल्के में लेने वाली चीज नहीं है। इसलिए जरूरी है कि बेवजह दोपहर की धूप में बाहर न निकलें और खुद को हाइड्रेटेड रखें।