Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में 16 साल की लड़की द्वारा आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
मां के पैरों तले से खिसक गई जमीन
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के किशनपुरा का है। मृतका मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और अपने माता-पिता के साथ किशनपुरा में एक किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर लड़की अपनी मां को यह कहकर दूसरे कमरे में गई थी कि वह सोने जा रही है। शाम के समय जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो मां उसे जगाने के लिए कमरे की ओर गई। दरवाजा अंदर से बंद होने पर मां ने जब खिड़की से भीतर झांका, तो बेटी को पंखे से लटका देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और परिजनों ने भी किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। एएसपी अशोक वर्मा ने पुष्टि की है।

