महाविद्यालय के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों सहित पूर्व अधिष्ठाताओं एवं पूर्व छात्रों का किया जाएगा सम्मान

वार्षिक समारोह और छात्र संघ शपथ ग्रहण भी आयोजित होगा

रायपुर- कृषि महाविद्यालय रायपुर के लिए कल का दिन ऐतिहासिक तथा अविस्मरणीय होगा जब यहां इतिहास, वर्तमान एवं भविष्य एक साथ मिलेंगे। कृषि महाविद्यालय, रायपुर कल 22 मई को महाविद्यालय का 66वां स्थापना दिवस मना रहा है। महाविद्यालय के 66वें स्थापना दिवस को भव्य एवं वृहद रूप से मनाने के लिए इस अवसर पर वार्षिक समारोह, छात्र संघ शपथ ग्रहण, पूर्व अधिष्ठाता सम्मान तथा पूर्व छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत महाविद्यालय के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के खास मुकाम हासिल करने वाले भूतपूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय के सात पूर्व अधिष्ठाताओं और इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति, कुलसचिव तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा। सम्मान समारोह के पश्चात आयोजित वार्षिक समारोह में कृषि महाविद्यालय, रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी जो महाविद्यालय की प्रतिभा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक समृद्धि को रूपांकित करेंगी।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कृषक सभागार में कल दोपहर 2 बजे से आयोजित स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. गिरीश चंदेल होंगे। इस अवसर पर नवगठित छात्र संघ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डाॅ. आरती गुहे ने बताया कि सम्मान समारोह में कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सात पूर्व अधिष्ठाताओं का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय को शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों से नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उन्होंने बताया कि जिन पूर्व अधिष्ठाताओं को सम्मानित किया जाएगा उनमें डाॅ. एस.एस. बघेल, डाॅ. एम.एन. श्रीवास्तव, डाॅ. ओ.पी. कश्यप, डाॅ. एस.आर. पटेल, डाॅ. एम.पी. ठाकुर, डाॅ. के.एल.नंदेहा एवं डाॅ. जी.के. दास शामिल हैं। समारोह मे कृषि महाविद्यालय रायपुर के प्रथम बैच में शिक्षा प्राप्त करने वाले तीन भूतपूर्व विद्यार्थियों तथा महाविद्यालय से ही सेवानिवृत्त प्राध्यापकों डाॅ. एम.आर.एच. सिद्धीकी, डाॅ. आर.के. साहू एवं डाॅ. वी.एन. साहू को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाले महाविद्यालय के पूर्व छात्रों (।सनउदप) का भी सम्मान किया जाएगा। इनमें श्री अनिल कुशवाहा (सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक), श्री सुरेश चंद्रवंशी (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद), श्री के.आर. बढ़ई (मुख्य वन संरक्षक), श्री धर्मेंद्र साहू (वित्त नियंत्रक, लोक निर्माण विभाग), श्री विकास मिश्रा (उप सचिव कृषि), श्री अश्वनी बंजारा (प्रबंध संचालक, बीज प्रमाणीकरण संस्था), श्री सीताराम तिवारी (उप सचिव वित्त), श्री आर.एल. धुरंधर, श्री गयाराम एवं श्रीमती गोपिका गबेल, (संयुक्त संचालक कृषि), श्री मनमोहन सिंह (सफल उद्यमी) एवं श्री हर्ष चंद्राकर (प्रगतिशील कृषक) शामिल हैं। डाॅ. गुहे ने बताया कि इनके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. गिरीश चंदेल, कुलसचिव डाॅ. कपिल देव दीपक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. संजय शर्मा, संचालक अनुसंधान डाॅ. वी.के. त्रिपाठी, निदेशक विस्तार सेवाएं डाॅ. एस.एस. टूटेजा भी इसी महाविद्यालय के भूतपूर्व छात्र रहे हैं अतः इस अवसर पर उनको भी सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कृषि महाविद्यालय रायपुर की स्थापना 22 मई 1961 को हुई थी। शुरूआत में यह महाविद्यालय कवर्धा बाड़ा बैरन बाजार में लगता था। वर्तमान भवन में यह महाविद्यालय वर्ष 1964 से संचालित किया जा रहा है। प्रारंभिक दौर में यह महाविद्यालय डाॅ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के अंतर्गत संचालित था जो वर्ष 1964 में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर और उसके पश्चात 20 जनवरी 1987 से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत संचालित हो रहा है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version