पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य में सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू करने का एलान किया है। राज्य के परिवहन विभाग की ओर से 21 मई को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह योजना 1 जून 2026 से लागू होगी।
नई व्यवस्था के तहत पश्चिम बंगाल में चलने वाली सभी राज्य सरकार संचालित छोटी और लंबी दूरी की बसों में महिलाएं बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है।
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इन स्मार्ट कार्ड्स में QR कोड, फोटो और लाभार्थी की जानकारी दर्ज होगी। इसके लिए संबंधित बीडीओ (ब्लॉक विकास अधिकारी) या एसडीओ (उप मंडल अधिकारी) कार्यालय में आवेदन करना होगा।
परिवहन विभाग के मुताबिक, स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी (EPIC), जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज या सरकारी/पीएसयू पहचान पत्र जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों द्वारा जारी पहचान पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे।
जब तक स्मार्ट कार्ड जारी नहीं हो जाते, तब तक महिलाएं वैध फोटो पहचान पत्र दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या सरकारी सेवा पहचान पत्र दिखाना होगा। अधिसूचना में कहा गया है कि बस कंडक्टर पहचान सत्यापन के बाद महिला यात्रियों को ‘जीरो वैल्यू टिकट’ जारी करेंगे।

