पठानकोट(हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों को भारतीय क्षेत्र की खुफिया जानकारी और लाइव फुटेज भेजने के आरोप हैं।
हाईवे की हर गतिविधि की लाइव फुटेज भेज रहा था Pak
जानकारी के अनुसार पुलिस को सुजानपुर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काफी समय से सीमा पार बैठे अपने आकाओं के संपर्क में था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पंजाब और जम्मू को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-44 पर सुजानपुर के पुल नंबर 4 और पुल नंबर 5 के बीच सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। इन कैमरों के जरिए वह हाईवे की हर गतिविधि की लाइव फुटेज पाकिस्तान भेज रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी यह काम नशीले पदार्थ हासिल करने की साजिश के तहत कर रहा था।
आरोपी के खिलाफ किया मामला दर्ज
मामले को लेकर एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल था। उसके साथ तीन अन्य साथी भी जुड़े हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना जताई है।

