बेंगलुरु : कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में भीषण हादसा हुआ है। एक क्रूजर वाहन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। यह घटना कलबुर्गी जिले के चित्तपुर तालुका के लाडलापुर के पास हुई। जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार देर रात हुई। चित्तपुर तालुक के इंगलागी गांव के एक ही परिवार के सदस्य क्रूजर में यादगीर से लौट रहे थे। इसी दौरान लाडलापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक से क्रूजर की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर में सवार तोलुसाब केशवर (27), हुसैन शाह (48), मैबूब अली (45), रसूल बी (42) और फातिमा अली (38) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लाडलापुरा गांव के पास आसने-सामने टकराए वाहन
जानकारी के अनुसार, इंगलागी गांव के एक बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए यादगीर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद परिवार के 5 सदस्य एक क्रूज़र वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। रात में जब वे लाडलापुरा गांव पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी टक्कर हो गई।
पूरा गांव शोक में डूबा
दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। शवों को वाहन से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए वादी सरकारी अस्पताल भेजा गया। इस दुखद घटना से इंगलागी गांव शोक में डूबा हुआ है। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की एक साथ मृत्यु से ग्रामीण स्तब्ध हैं। परिवार के सदस्यों की असमय मृत्यु से परिजनों, मित्रों और गांव के लोगों में शोक का माहौल है। लोग मृतकों के परिवार को सांत्वना देने के लिए अस्पताल और गांव पहुंच रहे हैं। इस संबंध में वादी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
मृतकों के एक रिश्तेदार को शुक्रवार रात निमोनिया संबंधी दिक्कत होने के बाद, आठ लोग उसे इलाज के लिए यादगीर शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराने क्रूजर वाहन से गए थे। मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद जब चालक समेत पांच लोग घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर तमिलनाडु की एक लॉरी ने क्रूजर वाहन को सामने से टक्कर मार दी।
कलबुर्गी पुलिसपुलिस ने बताया कि हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में वाडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाडी के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।

